#राजनीति
July 20, 2026
सुक्खू कैबिनेट आज लेगी बड़े फैसले : 1000 पदों पर भर्तियां, सेब के समर्थन मूल्य पर लगेगी मुहर
शिक्षा, विधानसभा सत्र और आर्थिक स्थिति पर भी होगी चर्चा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की सियासत और लाखों लोगों की उम्मीदें आज कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं। CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में रोजगार, बागवानों को राहत, विधानसभा के मानसून सत्र और प्रदेश की आर्थिक स्थिति समेत कई बड़े मुद्दों पर अहम फैसले लिए जा सकते हैं।
प्रदेश की सुक्खू सरकार की इस अहम बैठक में 50 से अधिक एजेंडा आइटम पर चर्चा होगी। खासकर बेरोजगार युवाओं और बागवानों की नजर इस बैठक पर टिकी हुई है।
कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य, बागवानी और ग्रामीण विकास विभागों में करीब एक हजार नए पदों पर भर्ती को मंजूरी मिल सकती है। इसके अलावा वन विभाग में सहायक वन रक्षकों की भर्ती और पदोन्नति नियमों को भी अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है, जिससे नई भर्तियों का रास्ता साफ होगा।
सेब सीजन के बीच सरकार मंडी मध्यस्थता योजना (MIS) के नए नियमों पर भी निर्णय ले सकती है। प्रस्ताव के अनुसार अब केवल पंजीकृत बागवानों से ही सेब की खरीद की जाएगी। विभाग ने एक बागवान से अधिकतम 30 बोरी सेब खरीदने की सिफारिश की है, हालांकि सरकार इस सीमा में बदलाव भी कर सकती है।
पिछले साल फलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MIS) में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई थी। इस बार सरकार सेब, आम और नींबू प्रजाति के फलों के समर्थन मूल्य में वृद्धि कर किसानों और बागवानों को राहत दे सकती है। वर्तमान में सेब और आम 12 रुपये प्रति किलो तथा नींबू प्रजाति के फल 10 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदे जा रहे हैं।
कैबिनेट में CBSE पाठ्यक्रम वाले सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति से जुड़े विवाद के समाधान पर भी फैसला लिया जा सकता है। इसके अलावा विधानसभा के मानसून सत्र की तारीखों को अंतिम रूप देने के साथ-साथ वित्त विभाग प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुति देगा, जिसके आधार पर सरकार भविष्य की वित्तीय रणनीति तय करेगी।