#राजनीति

July 31, 2026

दिल्ली दौरे पर CM सुक्खू, नए मंत्री के नाम पर लगेगी मुहर- कैबिनेट फेरबदल की अटकलें तेज

हाईकमान से मुलाकात कर सीएम सुक्खू चंबा जाएंगे

शेयर करें:

CM Sukhu Delhi Visit Himachal Cabinet Expansion Congress High Command Shimla Chamba Minjar Fair

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू का अचानक नई दिल्ली रवाना होना कई तरह की राजनीतिक चर्चाओं को जन्म दे रहा है।

दिल्ली दौरे पर CM सुक्खू

CM अगले कुछ दिनों तक शिमला से बाहर रहेंगे और इसी दौरान कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनकी अहम बैठक प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इस बैठक में सरकार और संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों पर चर्चा हो सकती है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में प्रचंड रूप दिखाएगा मानसून- अगले 5 दिन नहीं थमेगी बारिश, हाई अलर्ट पर कई जिले

लोगों से अपील

CM के दिल्ली दौरे को देखते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने भी आम लोगों से अपील की है कि अगले तीन-चार दिनों तक वे शिमला सचिवालय में मुलाकात के लिए न आएं, क्योंकिCM इस दौरान उपलब्ध नहीं रहेंगे।

कैबिनेट विस्तार पर हो सकता है बड़ा फैसला

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि CM सुक्खू की दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ होने वाली बैठक में लंबे समय से खाली पड़े कैबिनेट मंत्री के पद को भरने पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार और कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल को लेकर भी मंथन होने की संभावना जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- पावर की धौंस! HP पुलिस की 2 महिला कांस्टेबल ने SP पर जड़े आरोप, कॉल ट्रैक भी....

सरकार के गठन के बाद से एक मंत्री पद खाली है और काफी समय से इसे भरने की चर्चा चल रही है। अब माना जा रहा है कि मानसून सत्र से पहले सरकार इस दिशा में बड़ा कदम उठा सकती है।

विधानसभा उपाध्यक्ष के नाम पर भी बन सकती है सहमति

केवल मंत्रिमंडल ही नहीं, बल्कि लंबे समय से रिक्त पड़े विधानसभा उपाध्यक्ष के पद पर भी इस दौरे के दौरान चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर संतुलन बनाने की कोशिश में है, ऐसे में इस पद के लिए भी किसी नाम पर सहमति बन सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर दिल्ली बैठक में सहमति बनती है तो आगामी विधानसभा मानसून सत्र से पहले कई अहम नियुक्तियों की घोषणा हो सकती है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के देवता बिजट महाराज मंदिर से सोना गायब- भंडारी पर आरोप, पुजारियों ने किया केस

सुंदर सिंह ठाकुर की दावेदारी सबसे मजबूत

कैबिनेट में खाली मंत्री पद के लिए कुल्लू सदर से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का नाम सबसे मजबूत दावेदारों में माना जा रहा है। CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी पहले सार्वजनिक मंचों से संकेत दे चुके हैं कि उन्हें जल्द मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। ऐसे में मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे ने सुंदर सिंह ठाकुर के समर्थकों की उम्मीदें भी बढ़ा दी हैं। हालांकि अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान की मंजूरी के बाद ही होगा।

दिल्ली के बाद सीधे चंबा जाएंगे मुख्यमंत्री

दिल्ली दौरा पूरा करने के बाद CM का कार्यक्रम सीधे चंबा जाने का है। वहां वह ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध मिंजर मेले के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा ले सकते हैं। इसके बाद दो या तीन अगस्त को उनके शिमला लौटने की संभावना जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: माता-पिता को बेसहारा छोड़ गया 24 साल का बेटा, नशे की ओवरडोज मानी जा रही वजह

CM सुक्खू के इस दौरे को सिर्फ एक सामान्य यात्रा नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे हिमाचल की राजनीति में संभावित बड़े बदलावों से जोड़कर देखा जा रहा है। अब सभी की निगाहें दिल्ली में होने वाली बैठक और उसके बाद सामने आने वाले फैसलों पर टिकी हुई हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख