#राजनीति
November 8, 2025
सीएम सुक्खू ने अनुराग को दिया जवाब, बोले- खुद को पांडव कहने वाली भाजपा में चल रही सत्ता की लड़ाई
हस्ताक्षर अभियान की प्रतियां दिल्ली रवाना, कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में भाजपा के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच तीखी तकरार देखने को मिल रही है। एक तरफ अनुराग ठाकुर प्रदेश की सुक्खू सरकार को कहीं भी घेरने से नहीं छोड़ते हैं, वहीं अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी अनुराग ठाकुर के आरोपों पर पलटवार कर रहे हैं। जिससे राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। बीते रोज भाजपा के भीतर गुटबाजी को लेकर सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा था कि भाजपा पांच गुटों में नहीं बंटी है, बल्कि हम पांच पांडव हैं, जो कौरवों पर भारी पड़ेंगे।
अनुराग ठाकुर के इस बयान पर अब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस के हस्ताक्षर अभियान की प्रतियां दिल्ली रवाना करने के अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा पांच गुटों में बंटी पार्टी है, जो खुद को पांडव बताकर जनता को गुमराह कर रही है। पांडव तो अधिकारों और सत्य की लड़ाई लड़ते थे, जबकि भाजपा झूठ और सत्ता की लड़ाई लड़ रही है।
यह भी पढ़ें : राहुल गांधी-खडगे ने हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष के 6 दावेदारों से पूछा उनका विजन, अब ऐलान बाकी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेताओं से पूछा जाना चाहिए कि क्या उन्होंने हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। 1500 करोड़ की आपदा राहत की घोषणा के बाद क्या भाजपा प्रधानमंत्री के पास गई। क्या उन्होंने राज्य के लिए एक पैसा भी दिलवाया। ये सिर्फ दिखावा करते हैं। सुक्खू ने व्यंग्य किया कि भाजपा अब अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए खुद को कलयुग के पांडव के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 5 साल तक प्रधान बनने का लड़ा केस, अब सिर्फ कुछ दिनों के लिए मिली कुर्सी
सुक्खू ने कहा कि भाजपा के भीतर गुटबाजी चरम पर है। मंडी में अनुराग ठाकुर के समर्थन में नारे लग रहे थे, तो जयराम ठाकुर कह रहे थे कि मैंने 10 में से 9 सीटें जीती थीं। यह साफ दर्शाता है कि भाजपा अंदर से टूटी हुई है। मुख्यमंत्री ने भाजपा से आग्रह किया कि वह प्रदेश के हित और अधिकारों की बात करे, न कि ध्यान भटकाने वाली राजनीति करे। उन्होंने कहा कि अगर आपदा राहत को लेकर भाजपा का प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री से मिलने जाता है और राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस मंत्रिमंडल को भी बुलाया जाता है, तो वे उसके लिए तैयार हैं। हम राजनीति नहीं, प्रदेश हित की बात करते हैं।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान के तहत केंद्र सरकार के खिलाफ चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान की प्रतियां शनिवार सुबह 11 बजे कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला से एआईसीसी मुख्यालय दिल्ली के लिए रवाना कीं। राजीव भवन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि देशभर में लोग अब सोच-समझकर वोट देंगे कि सत्ता की बागडोर किसे सौंपनी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल कांग्रेस संगठन जनता की आवाज को दिल्ली तक पहुंचा रही है। वहीं कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी को लेकर जो सवाल उठाए हैं, वे तथ्यों पर आधारित हैं। नेता विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग पर उठाए गए सवालों पर आयोग को तथ्यात्मक सफाई देनी चाहिए।