हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में 2024 के आम चुनावों के लिए मतदान का दौर जारी है। प्रदेश की सभी चार लोकसभा सीटों पर बंपर वोटिंग दर्ज की जा रही है और मतदाता काफी ज्यादा उत्साहित हैं। इस सबके बीच प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है।
दरअसल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में चुनाव आयोग के पास शिकायत दर्ज कराई गई है। भाजपा नेता कर्ण नंदा के द्वारा चुनाव आयोग को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री ने आज नादौन स्थित मतदान केंद्र में छात्र संगठन एनएसयूआई का पका पहनकर अपना वोट कास्ट किया। भाजपा नेता के अनुसार यह कोड आफ कंडक्ट का उल्लंघन है जिसको लेकर अपना विरोध दर्ज कराते हुए उन्होंने चुनाव आयोग से शिकायत की है।
यह भी पढ़ें: धूमल परिवार ने एक साथ डाला वोट: मतदान के बाद अनुराग ने किया बड़ा दावा
हिमाचल में टूटेंगे वोटिंग के रिकॉर्ड
आपको बता दें कि इस बार हिमाचल में रिकॉर्ड वोटिंग हो रही है। माना जा रहा है कि शाम छह बजे तक हिमाचल में रिकॉर्ड वोटिंग हो सकती है। दोपहर एक बजे तक जहां हिमाचल में 48.63 फीसदी मतदान हुआ था। वहीं अब दोपहर तीन बजे तक हिमाचल में 58.41 फीसदी मतदान हो गया है। मतदान के लिए लोगों में भारी जोश है। लोग घंटों लाइन में लग कर मतदान क रहे हैं।
तीन बजे तक लोकसभा सीटों के लिए कुल 58.41 मतदान
दोपहर तीन बजे तक हिमाचल की चार लोकसभा सीटों के लिए कुल 58.41 मतदान हुआ है। मंडी संसदीय क्षेत्र मतदान में सबसे आगे चल रहा है। यहां 61.03 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। वहीं शिमला में 59.18 फीसदी मतदान हुआ है। हमीरपुर संसदीय सीट पर 57.72, कांगड़ा 55.99, मतदान हुआ है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल की बेटी मेजर राधिका को UN में मिला सैन्य पुरस्कार
विधानसभा सीटों पर बिलासपुर में सबसे अधिक मतदान
वहीं दोपहर तीन बजे तक हिमाचल की छह विधानसभा सीटों के लिए 55.59 फीसदी मतदान हुआ है। कांगड़ा जिले में दोपहर तीन बजे तक 55 फीसदी मतदान हुआ है। बिलासपुर जिले में 59.93, ऊना जिले में लोकसभा के लिए 57.17 फीसदी और विधानसभा उपचुनाव के लिए 58.79 प्रतिशत वोटिंग हुई। लाहाैल-स्पीति में 67.05 और चंबा में 57.80 फीसदी मतदान हुआ।