#राजनीति
April 7, 2026
अनुराग के नेतृत्व में भाजपा ने 'मिशन 2027' का तैयार किया मास्टर प्लान, मंडी में बना जीत का प्लान
मंडी में हिमाचल भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक में बनाई रणनीति
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंडी में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक में पार्टी ने वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में 2027 विधानसभा चुनावों के लिए विस्तृत रणनीति और कांग्रेस मुक्त हिमाचल का रोडमैप तैयार किया।
बैठक के दौरान अनुराग ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखते हुए संगठन को चुनावी मोड में आने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास और वैश्विक पहचान के नए आयाम स्थापित किए हैं, और इसी मॉडल को हिमाचल में भी मजबूती से लागू करने की जरूरत है।
राजनीतिक प्रस्ताव रखते हुए अनुराग ठाकुर ने स्पष्ट किया कि भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि हिमाचल को स्थायी विकास की दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष हमेशा नकारात्मक राजनीति करता रहा है, जबकि भाजपा राष्ट्र प्रथम की नीति पर काम कर रही है। इसी सोच के साथ पार्टी ने प्रदेश में कांग्रेस मुक्त हिमाचल का लक्ष्य तय किया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी : इस हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज करवा सकते हैं शिकायत
कार्यसमिति बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, और केंद्र सरकार की योजनाओं को घर.घर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। नेताओं ने माना कि 2027 का चुनाव संगठन की एकजुटता और जमीनी रणनीति पर निर्भर करेगा, जिसके लिए अभी से व्यापक तैयारी शुरू कर दी गई है।
अनुराग ठाकुर ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार के आर्थिक और बुनियादी ढांचे के विकास को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि देश ने पिछले वर्षों में मजबूत आर्थिक वृद्धि, नियंत्रित महंगाई और रिकॉर्ड विदेशी निवेश हासिल किया है, जो वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती साख को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क, हवाई और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार ने आम लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। राष्ट्रीय राजमार्गों का तेजी से विस्तार, हवाई अड्डों की संख्या में वृद्धि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं इस बदलाव के उदाहरण हैं।
बैठक के दौरान पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साफ संदेश दिया गया कि आने वाला समय राजनीतिक रूप से निर्णायक होगा और भाजपा हर स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंकेगी। मंडी में हुई इस बैठक को हिमाचल भाजपा के लिए चुनावी शंखनाद के रूप में देखा जा रहा हैए जहां से पार्टी ने 2027 की जीत का खाका तैयार कर मैदान में उतरने के संकेत दे दिए हैं।