हमीरपुर। हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। हमीरपुर सीट से भाजपा के अनुराग ठाकुर पांचवी बार सांसद बन गए हैं। उन्होंने इस बार पांचवी जीत दर्ज की और कांग्रेस के सतपाल सिंह रायजादा को एक लाख 82 हजार 357 मतों से करारी शिकस्त दी। इससे पहले अनुराग ठाकुर 14वींख्, 15वीं, 16वीं, और 17वीं लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं।
केंद्र में बढ़ेगा अनुराग का कद
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से अनुराग ठाकुर पांचवी बार मैदान में थे। अब तक अनुराग ठाकुर अपने संसदीय क्षेत्र में अपराजेय रहे हैं। उन्होंने लगातार 5 बार कांग्रेस उम्मीदवारों को एकतरफा शिकस्त दी और जीत हासिल की। अनुराग ठाकुर केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी कई पदों पर रह चुके हैं। अनुराग ठाकुर की लगातार पांचवीं जीत से उनका कद फिर ऊंचा हुआ है। वह हिमाचल प्रदेश से एक बड़े केंद्रीय नेता के रूप में फिर चर्चा के केंद्र में होंगे। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी ताल्लुक रखते हैं तो अनुराग की जीत से उनकी भी प्रतिष्ठा बढ़ेगी।
जनता का जताया आभार
अपनी जीत के बाद अनुराग ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए जनता का आभार व्यक्त किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह जीत जनता की जीत है। जनता ने हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों को जीतवा कर मोदी की झोली में डाला है। जिसके चलते अब केंद्र में एक मजबूत सरकार बनेगी।
भाजपा एनडीए के पास 300 से अधिक सीटें
अनुराग ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनाने जा रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा और एनडीए के पास करीब 300 से ज्यादा सीटें हैं। जबकि इंडी गठबंधन के पास करीब 230 सीटें ही हैं। ऐसे में दोनों में बहुत बड़ा अंतर है। केंद्र में भाजपा को सरकार बनाने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
हमीरपुर में दौड़ेगा विकास का पहिया
कंेद्र में मोदी सरकार बनने के बाद एक बार फिर हमीरपुर और हिमाचल में विकास के रथ का पहिया दौड़ेगा। बता दें कि इससे पहले अनुराग ठाकुर चार बार लगातार जीत कर सांसद बने थे। इस बार वह पांचवी बार चुनावी दंगल में उतरे थे। वहीं दूसरी तरफ अनुराग के इस अभेद किले को तोड़ने के लिए कांग्रेस ने सतपाल सिंह रायजादा को चुनावी मैदान में उतारा।
सीएम सुक्खू मुकेश भी नहीं रोक पाए अनुराग का विजय रथ
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का चुनाव इसलिए भी ज्यादा रोमांचक हो गया था, क्योंकि हिमाचल में सत्ता में बैठी कांग्रेस सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री इसी संसदीय क्षेत्र से आते हैं। भाजपा के इस अभेद्ध किले केा ढहाने के लिए सीएम सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री ने ऐड़ी चोटी का जोर भी लगाया। लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली।
यह भी पढ़ें: हमीरपुर से फिर अनुराग: CM-डिप्टी सीएम भी नहीं मिटा पाए जीत का सूखा
2008 से लगातार जीत रहे अनुराग ठाकुर
अनुराग ठाकुर ने 2008 में हमीरपुर सीट पर हुए लोकसभा उपचुनाव में पहली बार जीत हासिल की थी। हमीरपुर सीट पर अनुराग ठाकुर अजेय रहे हैं। 2019 में भी अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस राम लाल को ठाकुर को तीन लाख से अधिक मतों से हराया था। उसके बाद अनुराग ठाकुर ने कभी पीछे मुढ़ कर नहीं देखा और हर बार जीत का सेहरा पहनते गए।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: चैतन्य को हराकर राकेश कालिया ने लगाया जीत का चौका
अनुराग ठाकुर का राजनीतिक सफर
अनुराग ठाकुर का जन्म 24 अक्तूबर 1974 को हमीरपुर के समीरपुर गांव में हुआ। अनुराग हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल एवं शीला देवी के बड़े बेटे हैं। अनुराग ठाकुर ने जालंधर के दोआब कॉलेज से बीए की डिग्री हासिल की है। मई 2008 में अनुराग ठाकुर पहली बार भाजपा से लोकसभा के लिए चुने गए।
यह भी पढ़ें: कंगना ने जीत लिया मंडी: विक्रमादित्य सिंह की हार से बैकफुट पर आई कांग्रेस
जनवरी 2019 में संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किए जाने वाले अनुराग भाजपा के पहले सांसद बने। अनुराग वर्तमान में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारणए खेल व युवा सेवाएं मंत्री हैं। इससे पहले ठाकुर वित्त और कॉर्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। अनुराग ठाकुर ने नवंबर 2000 में जम्मू और कश्मीर के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच भी खेला था।