#राजनीति
May 27, 2026
खेल के साथ समृद्धि...धर्मशाला IPL पर बोले अनुराग ठाकुर- खेल पर्यटन से मजबूत हुई हिमाचल की अर्थव्यवस्था
होटल से लेकर होम-स्टे तक करोड़ों का कारोबार, IPL से स्थानीय व्यापार को मिली संजीवनी
शेयर करें:

हमीरपुर। धौलाधार की खूबसूरत वादियों में बसे धर्मशाला स्टेडियम में आयोजित आईपीएल 2026 (IPL 2026) के चार मुकाबलों ने न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित कियाए बल्कि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा देने का काम किया है। यह बात पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कही।
मैचों के सफल आयोजन से गदगद हमीरपुर के सांसद और पूर्व खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने इस पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि धर्मशाला में हुए आईपीएल के इन चार महामुकाबलों ने हिमाचल प्रदेश, विशेषकर कांगड़ा घाटी की स्थानीय अर्थव्यवस्था को संजीवनी देने का काम किया है। खेल और पर्यटन के इस अनूठे संगम ने देवभूमि की आर्थिकी को एक नई रफ्तार दी है।
यह भी पढ़ें : क्या जीतने वालों पर बिंदल का ठप्पा लगा....विक्रमादित्य ने BJP के पंचायत चुनाव जीतने के दावे पर कसा तंज
अनुराग ठाकुर ने कहा कि एक समय था जब हिमाचल केवल प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन के लिए जाना जाता था, लेकिन आज धर्मशाला का नाम दुनिया के प्रमुख क्रिकेट स्थलों में शुमार हो चुका है। इसका बड़ा श्रेय आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के प्रयासों को जाता है, जिनकी बदौलत प्रदेश को इस बार आईपीएल के चार मुकाबलों की मेजबानी का अवसर मिला।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि इन चार मैचों के दौरान न केवल देश के कोने.कोने से बल्कि विदेशों से भी क्रिकेट प्रेमी धर्मशाला पहुंचे। इस भारी तादाद के कारण धर्मशाला, मैक्लोडगंज, कांगड़ा, पालमपुर और आसपास के पूरे क्षेत्र में करोड़ों रुपये का बंपर आर्थिक कारोबार दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट ने आज हिमाचल में पर्यटन के साथ-साथ हमारी अर्थव्यवस्था को बेहद मजबूत बना दिया है। मैचों के कारण होटल, होम-स्टे, टैक्सी ऑपरेटर, रेस्टोरेंट, स्थानीय हस्तशिल्प और परिवहन से जुड़े छोटे-बड़े व्यापारियों को सीधा फायदा पहुंचा है। यह सिर्फ खेल का आयोजन नहीं था, बल्कि हमारी संस्कृति और हिमाचली आतिथ्य सत्कार को दुनिया के सामने पेश करने का एक बेहतरीन मंच था।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला स्थित एचपीसीए स्टेडियम आज विश्व के सबसे खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियमों में गिना जाता है। इसकी प्राकृतिक सुंदरता और आधुनिक सुविधाएं देश.विदेश के पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के कारण हिमाचल में स्पोर्ट्स टूरिज्म का तेजी से विस्तार हुआ है। अब लोग केवल पहाड़ों और प्राकृतिक स्थलों को देखने नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मुकाबलों का अनुभव लेने भी धर्मशाला पहुंच रहे हैं। इससे प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
यह भी पढ़ें : वन भूमि पर कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं, हाईकोर्ट के सुक्खू सरकार को सख्त निर्देश; तय की डेडलाइन
इस बार धर्मशाला को चार मैचों की मेजबानी मिलने का श्रेय सांसद ने आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल के विजन को दिया। उन्होंने आईपीएल चेयरमैन और बीसीसीआई का विशेष आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनके विशेष प्रयासों से ही हिमाचल को इस बड़े स्तर पर क्रिकेट उत्सव मनाने का सुअवसर मिला। साथ ही उन्होंने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) की सराहना करते हुए कहा कि एचपीसीए ने शून्य से शुरुआत करके आज धर्मशाला को दुनिया के सबसे खूबसूरत और चुनिंदा स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन में शुमार कर दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ग्रामीणों ने एक ही परिवार को सौंप दी पंचायत की कमान, पत्नी प्रधान-पति बना उपप्रधान
इतने बड़े अंतर्राष्ट्रीय स्तर के आयोजन को बिना किसी बाधा के संपन्न कराने के लिए अनुराग ठाकुर ने जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की जमकर पीठ थपथपाई। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और सभी प्रशासनिक संस्थाओं की कुशलता और स्मार्ट मैनेजमेंट की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल के कारण ही देश-विदेश से आए हजारों सैलानियों को एक यादगार अनुभव मिला।
अनुराग ठाकुर ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में धर्मशाला में प्रस्तावित भारत-अफगानिस्तान एकदिवसीय मुकाबला भी प्रदेश की अर्थव्यवस्था और पर्यटन क्षेत्र के लिए नई संभावनाएं लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग, परिवहन क्षेत्र और पर्यटन गतिविधियों को और अधिक विस्तार देंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सड़क हा.दसे ने छीना 18 साल का बेटा, बीमा कंपनी ने भी खूब रूलाए मां-बाप; कोर्ट ने सिखाया सबक
उन्होंने कहा कि क्रिकेट अब केवल खेल नहीं रह गया है, बल्कि यह हिमाचल की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और वैश्विक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम बन चुका है। धर्मशाला में हुए आईपीएल मुकाबलों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि खेल आयोजन प्रदेश के विकास और आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।