कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के संसदीय क्षेत्र हमीरपुर से पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सांसद अनुराग सिंह ठाकुर आज अपने एक दिवसीय दौरे के चलते कांगड़ा पहुंचे। जहां गगल एयरपोर्ट पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। जिसके बाद उन्होंने प्रेस वार्ता में प्रदेश सरकार सहित कांग्रेस हाईकमान को आड़े हाथ लेते हुए कई विषयों पर बात की।
दलगत राजनीति के कारण हुए कई सारे प्रोजेक्ट लेट
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, प्रदेश सरकार को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी चीजों को देखना चाहिए। हिमाचल में दलगत राजनीति के कारण कई सारे प्रोजेक्ट लेट हुए हैं। जिसमें से सेन्ट्रल यूनिवर्सिटी भी एक है।
यह भी पढ़ें: सुक्खू सरकार का व्यवस्था परिवर्तन: सेना के जवानों से छीन ली ये सुविधा
उन्होंने कहा कि, इसके लिए जमीन तो बहुत समय पहले मिल गई थी। मगर फारेस्ट क्लियरेंस करने में कांग्रेस की पूर्व सरकारों ने जानबूझकर देरी की फिर उसके बाद पैसा जमा कराने में 4-4 साल विलम्ब किया।
यूनिवर्सिटी प्रोजेक्ट के लिए किया 500 करोड़ रुपए का प्रावधान
पूर्व केन्द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आगे बताते हुए कहा कि, 250 करोड़ के सेंट्रल यूनिवर्सिटी प्रोजेक्ट को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री रहते हुए मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करके उस राशि को 500 करोड़ रुपए करवाया है। ताकि कैम्पस में किसी तरह की कोई समस्या पैसे की वजह से न आए।
प्रदेश सरकार उपलब्ध नहीं करवा पा रही 27 एकड़ जमीन
उन्होंने कहा कि, इसी तरह हाई एलटीट्यूड ट्रेनिंग सेंटर बनाने के लिए भी बीते डेढ़ सालों से प्रदेश सरकार 27 एकड़ जमीन तक उपलब्ध नहीं करवा पाई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल का वीर जवान आतंकी मुठभेड़ में हुआ शहीद, डेढ़ साल का बेटा छूटा पीछे
अब भी केंद्र की मोदी सरकार की ओर से ऑफर आया हुआ है, लेकिन अगर हिमाचल सरकार जमीन ही नहीं देगी तो फिर वह दूसरे राज्यों को अलॉट हो जाएगा।
अपने वादों से पलटी प्रदेश सरकार
अनुराग ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार ने सत्ता में आने से पहले कितने वादे किए, अब आम जनता अपने आप को ठगा-सा महसूस कर रही है। कांग्रेस सरकार किसी भी वादे को पूरा करने में विफल साबित हुई है।