#राजनीति

June 5, 2026

सुक्खू सरकार में अपनों की बगावत: अब बंबर ठाकुर ने खोला मोर्चा; बोले- मेरी ह*त्या की रची जा रही साजिश!

नीरज भारती ने सुक्खू सरकार की खोली कलई, अब बंबर ठाकुर ने संभाल लिया मोर्चा

शेयर करें:

bambar thakur bilaspur

शिमला/बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के भीतर सुलग रही अंतर्कलह अब पूरी तरह से चौराहे पर आ गई है। पार्टी के भीतर असंतोष का लावा इस कदर फूट रहा है कि अब कांग्रेस के अपने ही दिग्गज नेता सरकार और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी ही सरकार की कलई खोलने वाले पूर्व मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती के तीखे हमलों के बाद, अब बिलासपुर कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बंबर ठाकुर के ताजा बयानों ने न सिर्फ प्रदेश की सियासत में भूचाल ला दिया है, बल्कि सुक्खू सरकार की कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

मुझे राजनीतिक रूप से खत्म करने का हो रहा प्रयास

प्रदेश सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था पर सीधा निशाना साधते हुए पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने बेहद गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। ठाकुर ने कहा कि उन्हें राजनीतिक तौर पर खत्म करने के लिए लगातार पर्दे के पीछे से षड़यंत्र रचे जा रहे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बिलासपुर में 15 निदेशक भाजपा के साथ मिलकर पर्दे के पीछे से कांग्रेस के खिलाफ ही काम कर रहे हैं। इन तमाम साजिशों के बावजूद पंचायत चुनावों में उनके दर्जनों समर्थक विजयी रहे हैं। ठाकुर ने आरोप लगाया कि जब विरोधी अपने राजनीतिक मंसूबों में सफल नहीं हो पाए, तो अब उन्हें शारीरिक तौर पर मिटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- '2 अटैची खुद और तीन भेजते हैं दिल्ली' - नीरज भारती ने बनाई सुक्खू सरकार की रेल, हिली कांग्रेस

मेरी हत्या तक करवा सकते हैं 

बंबर ठाकुर यहीं नहीं रुके, उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए यहां तक कह दिया कि विरोधी लोग उनकी हत्या तक करवा सकते हैं। सुक्खू सरकार के कार्यकाल में अपनी ही पार्टी के पूर्व विधायक द्वारा असुरक्षा की ऐसी भावना व्यक्त करना सरकार की साख पर बड़ा डेंट माना जा रहा है। ठाकुर ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि उनके साथ कोई भी अनहोनी होती है, तो उनके परिवार के सदस्य उन तमाम चेहरों और साजिशों का पर्दाफाश करेंगे जो इसके पीछे सक्रिय हैं।

यह भी पढ़ें- सुक्खू कैबिनेट में होगा बड़ा फेरबदल! कई मंत्रियों की बढ़ी टेंशन, इस MLA की चमक सकती है किस्मत

नीरज भारती ने खोली सुक्खू सरकार की कलई

बंबर ठाकुर से ठीक पहले पूर्व सीपीएस नीरज भारती ने सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखे शब्दबाण चलाकर सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। नीरज भारती ने एक के बाद एक कई मुद्दों पर सरकार को घेरा था और संगठन व सरकार के बीच के तालमेल की पोल खोल कर रख दी थी। यहां तक कि नीरज भारती ने बीते रोज ही अपने पद से भी इस्तीफा दे दिया। भारती के बाद अब बंबर ठाकुर का यह गुबार फूटने से यह साफ हो गया है कि अंदरूनी कलह अब आलाकमान के काबू से भी बाहर होती जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के IAS पर PM मोदी ने फिर जताया भरोसा- तीसरी बार PMO में एडवाइजर बनें तरुण कपूर

पहली बार नहीं उठाया सवाल

यह पहली बार नहीं है जब बंबर ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनकी प्रशासनिक कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा किया हो। बंबर ठाकुर इससे पहले भी कई मर्तबा अपनी नाराजगी सार्वजनिक कर चुके हैं। अभी हाल ही में वह शिमला स्थित राज्य सचिवालय के बाहर धरने पर भी बैठ गए थे। उस दौरान भी उन्होंने सुक्खू सरकार और बिलासपुर के प्रशासनिक अमले पर गंभीर सवाल उठाए थे। लगातार उपेक्षा और सुनवाई न होने से आहत बंबर ठाकुर का यह ताजा बयान कांग्रेस के भीतर की उस गहरी खाई को दर्शाता हैए जिसे पाटने में सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख