#विविध
June 23, 2026
बड़ी खबर: HRTC में भर्ती होंगे 656 अस्थायी चालक, ड्राइविंग टेस्ट-इंटरव्यू सब कुछ होगा कल; मांगे आवेदन
एचआरटीसी कर्मियों की हड़ताल के बीच एक्शन मोड़ में सरकार और निगम
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल को लेकर सरकार और निगम प्रबंधन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। एक ओर चालक-परिचालक संगठन अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की राह पर है, वहीं दूसरी तरफ सुक्खू सरकार ने साफ संकेत दे दिए हैं कि किसी भी कीमत पर प्रदेश की बस सेवाओं को ठप नहीं होने दिया जाएगा।
हड़ताल के ऐलान के बीच पहले प्रदेश में आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम (ESMA) लागू किया गया और अब हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने सैकड़ों अस्थायी चालकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। सबसे अहम बात यह है कि इन पदों के लिए इंटरव्यू और ड्राइविंग टेस्ट कल यानी 24 जून को ही आयोजित किए जा रहे हैं।
एचआरटीसी प्रबंधन ने प्रदेशभर में 656 अस्थायी चालकों की भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। निगम का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है। माना जा रहा है कि कर्मचारियों द्वारा चक्का जाम और हड़ताल की चेतावनी के बीच यह फैसला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि आम जनता को किसी भी हाल में परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : HRTC कर्मियों को डिप्टी CM का सख्त संदेश: दबाव की राजनीति नहीं चलेगी, कल से नए चालकों की भर्ती
निगम की योजना के अनुसार चयनित चालकों को प्रदेश के विभिन्न डिपो और परिवहन इकाइयों में आवश्यकता के अनुसार तैनात किया जाएगा। शिमला, सोलन, मंडी, कुल्लू, चंबा, हमीरपुर, बिलासपुर, पालमपुर, बैजनाथ, रोहड़ू, रामपुर, नाहन और अन्य प्रमुख यूनिटों में सबसे अधिक पद भरे जाएंगे। इसके अलावा कई अन्य परिवहन इकाइयों में भी आवश्यकतानुसार चालकों की नियुक्ति की जाएगी ताकि किसी भी रूट पर बस संचालन प्रभावित न हो।

भर्ती प्रक्रिया को तेज गति से आगे बढ़ाते हुए निगम ने 24 जून को ही वॉक-इन इंटरव्यू और ड्राइविंग टेस्ट आयोजित करने का निर्णय लिया है। उम्मीदवारों को संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) कार्यालयों में निर्धारित समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग लेना होगा। निगम का उद्देश्य जरूरत पड़ने पर तुरंत वैकल्पिक चालक उपलब्ध कराना है ताकि बस सेवाओं में किसी तरह की रुकावट न आए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिल्मी स्टंट जैसा हा.दसा: हवा में उछली कार... पुल से नीचे गिरी; वीडियो CCTV में कैद
एचआरटीसी ने स्पष्ट किया है कि चयनित चालकों को प्रतिदिन 1500 रुपये का निश्चित मानदेय दिया जाएगा। हालांकि यह नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी होगी और इससे भविष्य में नियमित नौकरी, वरिष्ठता या स्थायी सेवा का कोई दावा नहीं बन सकेगा।
भर्ती के लिए अभ्यर्थी का कम से कम दसवीं पास होना जरूरी है। साथ ही उसके पास भारी वाहन (HTV/HMV) चलाने का वैध लाइसेंस और कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना चाहिए। उम्मीदवारों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पहचान पत्र और अनुभव से संबंधित दस्तावेज चयन प्रक्रिया के दौरान प्रस्तुत करने होंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: नशेड़ी पति-पत्नी का बीच सड़क हाई वोल्टेज ड्रामा; आपस में ही भिड़ गए दोनों; चला दिया चा*कू
प्रदेश सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन के ताजा कदमों से साफ है कि हड़ताल की स्थिति बनने पर भी परिवहन व्यवस्था को सुचारू रखने की पूरी तैयारी कर ली गई है। डिप्टी सीएम एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री पहले ही कह चुके हैं कि सरकार बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन दबाव की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी। ऐसे में एस्मा लागू करने और अब सैकड़ों अस्थायी चालकों की भर्ती शुरू करने को सरकार की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। फिलहाल पूरे प्रदेश की नजरें 24 जून को होने वाले इंटरव्यू और ड्राइविंग टेस्ट के साथ-साथ कर्मचारियों और सरकार के बीच बन रहे हालात पर टिकी हुई हैं।