#विविध
May 21, 2026
हिमाचल में स्कूल जा रही छात्रा से छेड़.छाड़ : गाड़ी में बैठ...लड़की ने आरोपी को जड़े थप्पड़
सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही वीडियो
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक ऐसा मामला सामने आया है- जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। चौपाल क्षेत्र के ठाना गांव में स्कूल से घर लौट रही एक छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना सामने आई है।
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवती आरोपी युवक का साहस के साथ सामना करती नजर आ रही है। हालांकि अब तक इस मामले में चौपाल पुलिस थाना में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है, लेकिन वायरल वीडियो को आधार बनाकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवती आरोपी युवक को थप्पड़ मारते हुए उससे सवाल पूछ रही है। वीडियो में लड़की दिखाई नहीं दे रही, लेकिन उसकी आवाज साफ सुनाई देती है। युवती आरोपी पर रास्ते में उसे परेशान करने और गाड़ी में बैठने के लिए मजबूर करने का आरोप लगा रही है।
चौपाल में छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, वायरल वीडियो में युवती ने आरोपी को धोया pic.twitter.com/taXuEj4tqF
— kajol chauhan (@THEKAYCEEvoice1) May 21, 2026
वीडियो में लड़की युवक से कहती सुनाई देती है, “तेरे घर पर बीबी बच्चे नहीं क्या? तू चलते-फिरते किसी को भी छेड़ देगा?” वहीं आरोपी युवक उससे माफी मांगता नजर आता है और कहता है कि उसके पास फोन नहीं है, जब लड़की उससे उसकी मां का नंबर मांगती है।
वीडियो में युवती बेहद गुस्से में आरोपी को वहां से चले जाने के लिए कहती है। वह कहती है कि अगर उसने अपने पिता को फोन कर दिया तो मामला और बढ़ जाएगा। इसके बाद आरोपी युवक वहां से निकल जाता है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर छात्रा की बहादुरी की काफी चर्चा हो रही है। लोग कह रहे हैं कि जिस तरह युवती ने बिना डरे आरोपी का सामना किया, वह अन्य लड़कियों के लिए भी एक संदेश है कि गलत हरकतों के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है।
इसी बीच, स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में पुलिस को स्वतः संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए- ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
हालांकि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना कब और किन परिस्थितियों में हुई।