#विविध

June 5, 2026

हिमाचल : 8 लोगों की मौ*त के बाद जागा प्रशासन- पर्यटकों को साच पास जाने की नहीं मिलेगी परमिशन

पर्यटकों से सहयोग की अपील, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

शेयर करें:

sach pass no entry tourists after 12 pm himachal government new rule

चंबा। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल साच पास (सचे जोत) जाने वाले पर्यटकों के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। अब बैरागढ़ चेक पोस्ट से दोपहर 12 बजे के बाद किसी भी पर्यटक वाहन को साच पास की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

साच जोत में NO ENTRY....

प्रशासन का कहना है कि यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्गम पहाड़ी मार्ग पर संभावित हादसों को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है। यह फैसला हाल ही में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद लिया गया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में सरकारी लॉटरी जल्द शुरू : 2 रुपये का टिकट, 5 करोड़ तक का इनाम- यहां जानें सबकुछ

तीन बच्चों समेत 8 लोगों की मौत

पिछले हफ्ते साच पास की ओर जा रही बेंगलुरु के पर्यटकों की कार कालाबन क्षेत्र के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भीषण हादसे में तीन मासूम बच्चों सहित आठ लोगों की जान चली गई थी। घटना के बाद प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों ने मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और जोखिम को कम करने के लिए नए दिशा-निर्देश लागू करने का फैसला किया।

तेजी से बदलता है मौसम

साच पास हिमाचल प्रदेश के सबसे दुर्गम और रोमांचक दर्रों में से एक माना जाता है। समुद्र तल से लगभग 14 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित यह स्थान अपनी प्राकृतिक सुंदरता और बर्फीले दृश्यों के लिए देशभर के पर्यटकों को आकर्षित करता है। हालांकि, यहां का मौसम बेहद तेजी से बदलता है, जो कई बार यात्रियों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन जाता है।

यह भी पढ़ें- '2 अटैची खुद और तीन भेजते हैं दिल्ली' - नीरज भारती ने बनाई सुक्खू सरकार की रेल, हिली कांग्रेस

अचानक शुरू हो जाती है बर्फबारी

स्थानीय प्रशासन के अनुसार साच पास क्षेत्र में बादल घिरते ही अचानक बर्फबारी शुरू हो सकती है। दोपहर के बाद अक्सर घना कोहरा छा जाता है, तेज हवाएं चलने लगती हैं और तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज होती है। ऐसी परिस्थितियों में दृश्यता कम हो जाती है और संकरे पहाड़ी रास्तों पर वाहन चलाना बेहद जोखिमपूर्ण हो जाता है।

किसी भी तरह का जोखिम

गर्मियों के मौसम में साच पास में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से मैदानी क्षेत्रों से आने वाले लोग यहां बर्फ का आनंद लेने, फोटोग्राफी करने और हिमालय की मनोरम वादियों का दीदार करने पहुंचते हैं। पर्यटन गतिविधियों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता।

यह भी पढ़ें- CM सुक्खू का बड़ा फैसला : 10 बड़े सरकारी कॉलेजों पर लगेगा ताला, अब नहीं होंगे नए दाखिले

12 बजे के बाद नहीं मिलेगी परमिशन

अधिकारियों का मानना है कि अगर पर्यटक दोपहर से पहले साच पास की ओर रवाना होंगे- तो वे दिन के उजाले में सुरक्षित रूप से यात्रा पूरी कर सकेंगे। मौसम खराब होने की स्थिति में भी समय रहते वापस लौट पाएंगे।

पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी

प्रशासन ने सभी पर्यटकों और वाहन चालकों से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सुबह के समय ही यात्रा शुरू करें, निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें और वाहन की तकनीकी स्थिति की जांच कर लें।

यह भी पढ़ें- सुक्खू कैबिनेट में होगा बड़ा फेरबदल! कई मंत्रियों की बढ़ी टेंशन, इस MLA की चमक सकती है किस्मत

दुर्घटनाओं की आशंका होगी कम

इसके अलावा पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखने, अनावश्यक जोखिम न लेने और प्रशासन द्वारा निर्धारित समय सीमा का पूरी तरह पालन करने को कहा गया है। प्रशासन का मानना है कि नई व्यवस्था से दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।

जनता से सहयोग की अपील

साथ ही पर्यटकों की सुरक्षा भी बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जा सकेगी। साच पास की खूबसूरती का आनंद लेने आने वाले लोगों से सहयोग की अपेक्षा की गई है- ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख