#विविध

July 16, 2026

PM मोदी कल करेंगे अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, अनुराग बोले: पर्यटन-रोजगार को मिलेगी रफ्तार

अनुराग ठाकुर ने कहा पहाड़ों में रेल कनेक्टिविटी का शुरू होगा नया अध्याय

शेयर करें:

anurag singh thakur

ऊना। हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में रेलवे के आधुनिकीकरण और विस्तार का एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। ऊना जिले में स्थित अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन का 20.74 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से पूरी तरह कायाकल्प कर दिया गया है। 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस किए गए इस आधुनिक स्टेशन का 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के जालंधर से वर्चुअली लोकार्पण कर जनता को समर्पित करेंगे।

अनुराग ठाकुर ने पीएम मोदी का जताया आभार

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पीएम मोदी का आभार जताया और इसे पहाड़ी राज्य के विकास में मील का पत्थर बताया है। उन्होंने कहा कि यह पुनर्विकास मात्र एक स्टेशन का आधुनिकीकरण नहीं, बल्कि रेल विकास से राष्ट्र विकास के संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में एक और मजबूत कदम है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : बेसहारा पशु से टकराई बाइक, दो युवकों की एक साथ मौ.त- सदमे में परिवार

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है और हिमाचल प्रदेश भी इस बदलाव का प्रमुख हिस्सा बन रहा है। अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप इसी परिवर्तन की एक बड़ी मिसाल है।

 

ठाकुर ने कहा कि एक समय था जब हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को रेलवे विस्तार में सबसे बड़ी बाधा बताया जाता था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। केंद्र सरकार राज्य में रेलवे नेटवर्क के विस्तार, आधुनिक स्टेशनों के निर्माण और नई रेल सेवाओं के जरिए विकास को नई रफ्तार दे रही है।

हिमाचली संस्कृति और आधुनिकता का अनूठा संगम

नए स्वरूप में तैयार किए गए अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन में हिमाचली वास्तुकला और सांस्कृतिक पहचान की झलक दिखाई देती है। स्टेशन भवन के रूफटॉप डिजाइन को पारंपरिक पहाड़ी शैली में विकसित किया गया है, जबकि प्रवेश द्वार और बाहरी परिसर को आधुनिक रूप दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में पार्किंग, सर्कुलेटिंग रोड, लिफ्ट, एयर कंडीशंड वेटिंग रूम, एग्जीक्यूटिव लाउंज और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही इसे पूरी तरह दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है।

 

यह भी पढ़ें- हिमाचल में भगवान भरोसे पढ़ाई...सरकारी शिक्षक अपनी सैलरी से रख रहे प्री-प्राइमरी टीचर

रेल बजट में 27 गुना बढ़ा निवेश

अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश को रेलवे क्षेत्र में अभूतपूर्व प्राथमिकता मिली है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 से 2014 के दौरान हिमाचल प्रदेश के लिए रेलवे का औसत वार्षिक बजट लगभग 108 करोड़ रुपये हुआ करता था, जबकि अब रेल बजट 2026-27 में राज्य के लिए करीब 2,911 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 
उन्होंने कहा कि यह निवेश में लगभग 27 गुना वृद्धि को दर्शाता है और इससे साफ है कि केंद्र सरकार हिमाचल के रेल विकास को लेकर कितनी गंभीर है।

यह भी पढ़ें- मां चिंतपूर्णी के दरबार में आस्था की बारिश : भक्तों ने ऑनलाइन चढ़ाया करोड़ों का चढ़ावा

13 हजार करोड़ से अधिक के रेल प्रोजेक्ट्स पर काम जारी

सांसद अनुराग ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में 255 किलोमीटर से अधिक नई रेल लाइनों पर कार्य विभिन्न चरणों में जारी है, जिनकी अनुमानित लागत 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। 
उन्होंने कहा कि भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन, चंडीगढ़-बद्दी रेल परियोजना, नंगल-ऊना-तलवाड़ा रेल मार्ग और कांगड़ा घाटी रेलवे के उन्नयन जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स हिमाचल की कनेक्टिविटी को नई दिशा देंगे।

पर्यटन, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

अनुराग ठाकुर ने कहा कि अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण केवल एक स्टेशन का विकास नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और व्यापार को नई ऊर्जा देने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस सहित नई रेल सेवाओं के संचालन से हिमाचल के छात्रों, पर्यटकों, तीर्थयात्रियों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिल रहा है। बेहतर रेल संपर्क से स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : सुसाइ.ड का ड्रामा कर आशिक संग फरार हुई 5 बच्चों की मां, नहर के पास फेंके कपड़े

दिल्ली समेत कई बड़े शहरों से जुड़ा है स्टेशन

अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन हिमाचल प्रदेश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में से एक है, जहां से दिल्ली सहित देश के कई बड़े शहरों के लिए सीधी रेल सेवाएं उपलब्ध हैं। स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस, हिमाचल एक्सप्रेस, गांधीनगर कैपिटल एक्सप्रेस, गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस और अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनें संचालित होती हैं। इसके अलावा हरिद्वार और अंबाला के लिए नियमित ट्रेन सेवाएं भी यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान कर रही हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख