#विविध
September 20, 2025
हिमाचल का जवान कुपवाड़ा में हुआ शहीद, आतं*कवादियों से हुई मुठभेड़ में पाई शहादत
परिजनों को फोन पर मिली सूचना
शेयर करें:

बिलासपुर। वीरभूमि हिमाचल के सैकड़ों वीर जवानों ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी है। अब हिमाचल ने एक और लाल ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए हैं। बिलासपुर जिले का बेटा बलदेव चंद कुपवाड़ा में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गया है।
परिजनों को आज दोपहर को बेटे की शहादत की सूचना मिली है। बलदेव चंद की शहादत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई है। परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जबकि, पूरे इलाके में माहौल गमगीन बना हुआ है।
बलदेव चंद बिलासपुर के थेह गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में बलदेव भारतीय सेना में हवलदार पद पर सेवाएं दे रहे थे। बलदेव कुपवाड़ा में आतंकियों के साथ लोहा ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने कई आतंकियों को ढेर किया, लेकिन वो खुद भी इस मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहां मौजूद साथियों द्वारा बलदेव को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां पर इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बलदेव के पिता हवलदार बिशन दास आर्मी से रिटायर हैं। बलदेव की शहादत की खबर मिलने के बाद उनके घर पर आसपास के क्षेत्र के लोगों ने जुटना शुरू कर दिया है।
परिजन बलदेव के छुट्टी आने का इंतजार कर रहे थे। मगर होनी को कुछ और ही मंजूर था। बलदेव की पार्थिव देह अब तिरंगे में लिपटी घर लौटेगी। कल पूरे सैन्य सम्मान के साथ बलदेव को अंतिम विदाई दी जाएगी।