#विविध
July 19, 2026
हिमाचल में रेड अलर्ट के बीच मणिमहेश यात्रा पर रोक, भारी लैंडस्लाइड से रास्ते बंद
भारी बारिश का अलर्ट, चंबा-भरमौर हाईवे भी कई जगह बंद
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग की ओर से जारी भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए मणिमहेश कैलाश यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी है।
खराब मौसम और भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अगले आदेश जारी होने तक किसी भी व्यक्ति को हड़सर से मणिमहेश कैलाश की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) भरमौर अजय कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार 19 जुलाई से हड़सर से शुरू होने वाली श्री मणिमहेश कैलाश यात्रा पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। यह आदेश आगामी निर्देश जारी होने तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने तक यात्रा की योजना न बनाएं और प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक चंबा और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की आशंका है। लगातार बारिश के कारण यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, पहाड़ियों से चट्टानें गिरने, रास्ते बाधित होने और अन्य प्राकृतिक हादसों का खतरा काफी बढ़ गया है।
प्रशासन ने अपने आदेश में साफ किया है कि प्रतिबंध की अवधि के दौरान मणिमहेश कैलाश की यात्रा किसी भी मार्ग से नहीं की जा सकेगी। अगर कोई व्यक्ति प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी करते हुए यात्रा करता है- तो उससे जुड़े किसी भी जोखिम की जिम्मेदारी स्वयं उसकी होगी।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और यात्रा से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल प्रशासन की आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें। प्रशासन ने स्थानीय गाइडों, टूर ऑपरेटरों और अन्य लोगों को भी सख्त चेतावनी दी है।
आदेश में कहा गया है कि यदि कोई गाइड, स्थानीय व्यक्ति या अन्य कोई व्यक्ति प्रतिबंध के बावजूद किसी श्रद्धालु या पर्यटक को मणिमहेश यात्रा पर ले जाता है- तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा संबंधी निर्देशों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लगातार हो रही बारिश का असर सड़क यातायात पर भी देखने को मिला है। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग बत्ती हट्टी कमनाला और दुर्गेठी क्षेत्र में भारी भूस्खलन की चपेट में आ गया। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और चट्टानें सड़क पर आ गिरने से हाईवे कई स्थानों पर बंद हो गया है।
भूस्खलन के कारण सड़क को काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हुई है। संबंधित विभाग मार्ग को बहाल करने के लिए मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य कर रहा है। हालांकि लगातार बारिश राहत कार्य में बाधा बन रही है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। साथ ही नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम में सुधार होने और यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही मणिमहेश यात्रा दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।