हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश ने एक हफ्ते में अपना पांचवां वीर जवान खो दिया है। अब ताजा मामला हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से सामने आया है। नादौन उपमंडल के आदर्शनगर गांव का बेटा असम में शहीद हो गया है। आज पूरे सैन्य सम्मान के साथ पैतृक गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
मासूम ने दी पिता को मुखाग्नि
रिंकू की अंतिम यात्रा में सैंकड़ों लोग शामिल हुए। लोगों ने उन्हें नम आंखों से वीर जवान अमर रहे नारों के साथ विदा किया। रिंकू कुमार को सेना के जवानों ने सलामी देकर विदा किया। इसके बाद रिंकू के 4 साल के बेटे रोनित ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : खाई में गिरी बस, अमृतसर से चिंतपूर्णी माथा टेकने आए थे श्रद्धालु
एक महीना पहले ही आए थे छुट्टी
बताया जा रहा है कि रिंकू कुमार एक महीने पहले ही छुट्टी काटकर ड्यूटी पर वापस लौटे थे। रिंकू कुमार अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और 4 साल का बच्चा छोड़ गए हैं।
वीर जावन रिंकू साल 2013 में EME कोर में भर्ती हुए थे। वर्तमान में असम में तैनात थे। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले पेट के संक्रमण से पीड़ित हो जाने जवान को अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां उपचार के दौरान उनका देहांत हो गया। रिंकू की पार्थिव देह शनिवार देर रात उनके घर पहुंची।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कमरे में अंगीठी जला सोए थे बाप-बेटे, दोनों ने एक साथ त्यागे प्राण
बेसुध हुई पत्नी, एकटक देखता रहा मासूम
तिरंगे में लिपटी जवान की देह को देख कर उसकी पत्नी बेसुध हो गई। वहीं, जवान का मासूम बेटा एकटक पिता को देखता रहा। जबकि, रिंकू की मां बेटे की देह को देखकर बिलख-बिलख कर रोती रही। रिंकू के बुजुर्ग पिता बेटे को निहारते रहे। जवान की पार्थिव देह के घर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया और हर तरफ चीख पुकार मच गई।