#विविध
May 12, 2025
भारत-पाक के बीच अहम बैठक आज, सेना की चेतावनी- अब सीजफायर तोड़ा तो तगड़ा जवाब देंगे
DGMO स्तर पर आज दोपहर होगी अहम बातचीत
शेयर करें:

नई दिल्ली। 11 मई की रात भारत-पाकिस्तान सीमा पर पूर्ण शांति बनी रही। सेना ने सोमवार सुबह पुष्टि की कि जम्मू-कश्मीर और इंटरनेशनल बॉर्डर पर कोई भी उकसावे वाली हरकत नहीं हुई। यह लगातार दूसरा दिन है जब दोनों देशों के बीच सीजफायर का असर स्पष्ट रूप से दिख रहा है।
DGMO स्तर पर आज दोपहर होगी अहम बातचीत
सीजफायर के बाद आगे की रणनीति तय करने के लिए दोनों देशों के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) आज दोपहर 12 बजे फोन पर संवाद करेंगे। यह बातचीत पूरी तरह द्विपक्षीय होगी, जिसमें किसी तीसरे देश की कोई भूमिका नहीं होगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के सरकारी टीचर ने सेना को समर्पित की सालभर की सैलरी, देश के लिए बने मिसाल
राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर में लौट रही है सामान्य स्थिति
राजस्थान के सीमांत जिलों जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और जोधपुर में अब बाजार खुलने लगे हैं। पंजाब और जम्मू के सीमावर्ती इलाकों में भी धीरे-धीरे जनजीवन पटरी पर लौट रहा है। किसानों ने सेना के भरोसे अपने खेतों की ओर रुख कर लिया है। तारबंदी से महज 100 मीटर दूर काम कर रहे एक किसान ने कहा कि सेना जब हमारे साथ है, तो डर किस बात का?
ऑपरेशन सिंदूर के बाद बदला माहौल
गौरतलब है कि 7 मई से शुरू हुए ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तानी ड्रोन हमलों और सीमा पार से हुई गोलीबारी का करारा जवाब दिया था। सैन्य सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से 12 एयरबेस से ड्रोन अटैक लॉन्च किए गए थे। इन हमलों में 5 भारतीय सैनिक और 2 बीएसएफ जवान शहीद हुए, जबकि 60 से ज्यादा घायल हुए। वहीं, 27 आम नागरिकों की भी जान गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 125 साल पुरानी दुकान में लाखों की रॉबरी, कामगार ही निकला चोर
लड्डू बांटकर मनाई गई शांति की खुशी
सीजफायर के ऐलान के बाद राजस्थान के गांवों में लोगों ने लड्डू बांटकर शांति का स्वागत किया। एक बुजुर्ग किसान ने कहा कि अगर ये लड्डू हम लाहौर और कराची में खा रहे होते, तो असली जीत होती।
अमेरिका ने सराही मोदी और शरीफ की समझदारी
सीजफायर को लेकर अमेरिका ने दोनों देशों के नेतृत्व की सराहना की है। अमेरिकी विदेश विभाग ने ANI से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने विवेक का परिचय दिया है। अमेरिका ने कहा है कि वह बातचीत और शांति की दिशा में उठाए गए हर कदम को समर्थन देगा।