#विविध
May 12, 2025
भारत-पाक तनाव का असर: हिमाचल से अमृतसर, जम्मू और पठानकोट के रात्रि बस रूट बंद
हालात सामान्य होने तक नहीं चलेंगी नाइट बसें, ऑक्यूपैंसी बेहद कम
शेयर करें:

शिमला। भारत-पाकिस्तान के बीच भले ही युद्ध विराम लागू हो गया हो, लेकिन जमीनी हालात अब भी पूरी तरह सामान्य नहीं हैं। इसी के चलते हिमाचल प्रदेश से पंजाब के अमृतसर, जम्मू, कटरा और पठानकोट के लिए चलने वाली रात्रिकालीन बस सेवाएं फिलहाल बंद कर दी गई हैं।
हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने यह निर्णय मौजूदा तनावपूर्ण हालात और इन मार्गों पर यात्रियों की बेहद कम ऑक्यूपैंसी को देखते हुए लिया है। निगम प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल के अनुसार, जब तक पंजाब और जम्मू-कश्मीर में स्थिति पूरी तरह से सामान्य नहीं हो जाती, तब तक इन नाइट रूटों पर बसें नहीं चलेंगी।
यात्रियों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता
निगम के अधिकारियों का कहना है कि भारत-पाक तनाव के बाद रात के समय इन रूटों पर यात्री न के बराबर रह गए हैं। सुरक्षा और संसाधनों की दृष्टि से यह व्यावहारिक नहीं है कि कम यात्रियों के लिए बसें चलाई जाएं। इसलिए रूट की समीक्षा की जाएगी और स्थिति सामान्य होते ही बस सेवाएं फिर से शुरू की जाएंगी।
यह भी पढ़ें : ऑपरेशन सिंदूर : हिमाचल के 2 जवानों ने बॉर्डर पर दिखाया पराक्रम, लोग कर रहे सलामती की दुआ
दिन में चलेंगी बसें, रात्रि रूटों पर निगरानी जारी
हालांकि, दिन के समय ये रूट प्रभावित नहीं होंगे। स्थानीय प्रशासन और कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए इन मार्गों पर दिन में नियमित बस सेवाएं जारी रहेंगी। निगम यह भी स्पष्ट कर चुका है कि अगर हालात और बिगड़ते हैं, तो अन्य रात्रि रूट भी अस्थायी रूप से बंद किए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के सरकारी टीचर ने सेना को समर्पित की सालभर की सैलरी, देश के लिए बने मिसाल
यात्रियों को दी गई विशेष सलाह
प्रबंधन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी यात्रा से पहले रूट अपडेट ज़रूर चेक करें और रात में अनावश्यक यात्रा से बचें। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने यात्रा कार्यक्रम को वर्तमान हालात और उपलब्ध सेवाओं के अनुसार ही तय करें।