#विविध

March 1, 2025

हिमाचल: 4 फीट बर्फ में पैदल चलकर बिजली बहाल करने में जुटे कर्मचारी,  53 ट्रांसफार्मर ठप

केलांग-अटल टनल तक सड़क को बहाल करने में जुटा बीआरओ

शेयर करें:

himachal news

लाहौल-स्पीति। हिमाचल में बीते 3 दिन की बारिश और बर्फबारी के बाद शनिवार को मौसम खुला है, लेकिन कुल्लू और लाहौल-स्पीति में अभी भी बिजली व्यवस्था सामान्य नहीं हो सकी है। एक ओर जहां बीआरओ केलांग-अटल टनल के रास्ते से 4 फीट बर्फ को हटाने में जुटा है, वहीं बिजली विभाग के कर्मचारी घुटने से ऊपर तक बर्फ के बीच पैदल चलकर सप्लाई बहाल करने में जुटे हैं।

मशीनरी बर्फ हटाने में जुटी

लाहौल-स्पीति में सबसे ज्यादा 4 फीट से अधिक हिमपात हुआ है। शनिवार को मौसम साफ होते ही बीआरओ के कर्मचारी भारी मशीनों के साथ बर्फ हटाने में जुट गए।  लाहौल-स्पीति से लेकर कुल्लू और मनाली तक सैंकड़ों सड़कें बर्फबारी के कारण बंद हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अभी नहीं मिलेगी राहत: बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी, जानें कब खुलेगा मौसम

 

इन सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद है। इससे बर्फ देखने को आ रहे पर्यटक निराश हैं।  इसी को ध्यान में रखते हुए सबसे पहले केलांग से अटल टनल तक सड़क मार्ग को बहाल किया जा रहा है। मनाली के पलचान से भी बीआरओ के मशीनरी बर्फ हटाने में जुटी हुई है।

53 ट्रांसफार्मर ठप

लाहौल-स्पीति में इस समय 53 ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं। दर्जनों गांवों में बिजली न होने से पेयजल आपूर्ति भी ठप पड़ी है। प्रशासन ने इन स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर बिजली सप्लाई बहाल करने को कहा है। सबसे अधिक दिक्कत सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने में आ रही है, जिनके कारण तार टूटने से बिजली सप्लाई बंद है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड- अब इन महीनों में पड़ेगी प्रचंड गर्मी, हीटवेव छुड़ाएगी पसीने

 

मनाली शहर में शनिवार शाम तक बिजली बहाल हो जाएगी। कुल्लू जिले में 1496  बिजली के ट्रांसफार्मर बंद हैं, जिन्हें बहाल करने में बिजली कर्मचारी लगे हैं। अहम बात है कि 48 घंटे से मनाली सहित कुल्लू के कई इलाके अंधेरे में हैं और मनाली उपमंडल में 700 से अधिक ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख