#विविध
May 8, 2025
हिमाचल: सड़क किनारे करेंसी नोटों को किसने और क्यों जलाया- जांच में जुटी पुलिस
ज्वालामुखी शहर में सनसनी, साजिश की आशंका
शेयर करें:

ज्वालाजी। हिमाचल प्रदेश के प्रमुख धार्मिक तीर्थ ज्वालामुखी शहर के मेन बस स्टैंड के पीछे सड़क किनारे जले हुए नोट मिलने से सनसनी फैल गई। 50 रुपए से 500 रुपए तक के दर्जनों नोटों को किसने और क्यों जलाया, पुलिस इस बात की तफ्तीश करने में जुटी है।
इन जले हुए नोटों को गुरुवार सुबह कुछ राहगीरों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नोटों की जांच-पड़ताल की और उन्हें फोरेंसिक लैब में भेज दिया। नोटों के कुछ हिस्से पूरी तरह से नहीं जले हैं। इनकी बरामदगी शहर के वॉर्ड नंबर 5 से हुई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही है पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों के बयान दर्ज किए हैं। शहर के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। ये नोट वहां तक कैसे पहुंचे और नोटों को किसने और किस वजह से जलाया है, यह सवाल पुलिस के साथ ही शहर के लोगों की भी जुबान पर है। स्थानीय लोग इस मामले को किसी बड़ी साजिश के रूप में देख रहे हैं। उनका मानना है कि कोई अपनी मेहनत की कमाई को होशोहवास में इस तरह से नहीं जलाएगा। ये नोट जरूर किसी आपराधिक साजिश का हिस्सा हैं और पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने इन्हें इस तरह से जलाया होगा।
नोटों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। ज्वालामुखी डीएसपी आरपी जसवाल ने बताया कि पुलिस के ध्यान में यह मामला आया है और ज्वालामुखी पुलिस इस मामले को लेकर निरीक्षण कर रही है पुलिस अभी यह पता लगा रही है कि ये नोट असली है या नकली। फोरेंसिक रिपोर्ट सामने आने के बाद ही अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।