#विविध
March 10, 2025
हिमाचल में भारी बारिश और स्नोफॉल का यलो अलर्ट जारी, एक क्लिक में जानें पूरी खबर
भारी वर्षा और हिमपात का येलो अलर्ट जारी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम में बदलाव के कारण 12 से 14 मार्च तक भारी वर्षा और हिमपात की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश भर में येलो अलर्ट जारी किया है। 10 और 11 मार्च को कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात हो सकता है।
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि 12 से 14 मार्च के बीच, प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण भारी बारिश और हिमपात की संभावना जताई गई है।
वहीं, इसके बाद एक बार फिर प्रदेश भर में मौसम साफ हो जाएगा।
बताते चलें कि प्रदेश भर के अधिकांश हिस्सों में मौसम में हल्का परिवर्तन देखने को मिल रहा है। मैदानों और पहाड़ों में आज आसमान में बादल छाए हुए है। ऊंचाई वाले इलाकों में बादल घेरने लगे और ठंडी हवाएं चलीं, जिससे ठंड महसूस हुई। इस बदलाव के कारण, अब तक के मुकाबले ठंड बढ़ी है और प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ठंडा हो गया है।
अभी प्रदेश में तापमान में कोई उल्लेखनीय बदलाव नहीं देखा गया। हालांकि, मौसम साफ रहने के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार वृद्धि हुई है। केलंग, कुकुमसेरी और ताबो जैसे ऊंचे इलाकों में तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। अन्य क्षेत्रों में दिन के मुकाबले दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक तापमान में वृद्धि देखी गई, जिससे मैदानी इलाकों में सुबह और शाम के समय ठंड में कुछ कमी आई है।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 15 मार्च तक प्रदेश में मौसम प्रतिकूल रहेगा। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना बनी रहेगी। प्रदेश में इन दिनों मौसम में बदलाव और ठंड के कारण लोगों को यात्रा करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।