#विविध

January 31, 2026

हिमाचल में बर्फबारी ने तोड़ी कमर: 14 साल के बीमार बच्चे को 40 KM पीठ पर उठाकर पहुंचाया अस्पताल

मुंह में हो गए थे गंभीर छाले

शेयर करें:

 Emergency Rescue

चंबा। हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी बर्फबारी ने आम लोगों की ज़िंदगी पूरी तरह पटरी से उतार दी है। कई इलाकों में तीन से चार फीट तक जमी बर्फ के कारण सड़कें बंद पड़ी हैं, जिससे रोज़मर्रा के कामों के साथ-साथ आपातकालीन हालात में भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच जिला चंबा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 14 साल की एक बच्चे को इलाज के लिए करीब 40 किलोमीटर दूर अस्पताल तक पीठ पर उठाकर पैदल ले जाना पड़ा, क्योंकि रास्ते पूरी तरह बंद थे।

40 किलोमीटर पैदल पीठ पक उठाकर पहुंचाया अस्पताल

 स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चंबा जिले की ग्राम पंचायत साहली के लेओ गांव से एक 14 साल के बच्चे साहिल को इलाज के लिए करीब 40 किलोमीटर दूर किलाड़ अस्पताल तक बेहद मुश्किल हालात में पहुंचाया गया। रास्ते पूरी तरह बंद होने के कारण बच्चे को पीठ पर उठाकर और कुछ दूरी तक वाहनों के सहारे अस्पताल पहुंचाया गया।

मुंह में हो गए थे गंभीर छाले 

प्राप्त जानकारी के अनुसार साहिल पुत्र भूपेंद्र कुमार, निवासी लेओ गांव, के मुंह में गंभीर छाले पड़ गए थे। इस वजह से उसे खाने-पीने में काफी दिक्कत हो रही थी और हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। लेकिन गांव से बाहर निकलने का कोई सीधा रास्ता नहीं था।

 

यह भी पढ़ें : स्कूलों में भी सुरक्षित नहीं बच्चे? हिमाचल के JNV में 10वीं की छात्रा से रै.गिंग- थाने पहुंचा मामला

 

ऐसे में ग्रामीणों ने हिम्मत और इंसानियत दिखाते हुए साहिल को पहले पीठ पर उठाकर कुठल ढांक तक पहुंचाया। वहां से किसी तरह उसे वाहन में साच तक ले जाया गया, लेकिन आगे रास्ता फिर बंद मिला। इसके बाद उसे सिद्ध मंदिर तक दोबारा पीठ पर उठाकर ले जाया गया।

PWD का वाहन भेज बच्चे को किया रेस्क्यू

जब इस पूरे मामले की जानकारी कार्यकारी आवासीय आयुक्त एवं उपमंडल अधिकारी पांगी को मिली, तो उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए किलाड़ से PWD  का वाहन भेजा और बच्चे का रेस्क्यू करवाया। इसके बाद साहिल को सुरक्षित सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अलगे 4 दिन जमकर होगी बारिश-बर्फबारी, आंधी-तूफान भी आएगा; सभी 12 जिलों में अलर्ट जारी

 दिन-ब-दिन और  बिगड़ते हालात 

उधर, पांगी घाटी में भारी बर्फबारी के चलते हालात दिन-ब-दिन और बिगड़ते जा रहे हैं। अंदरूनी गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट चुका है। हालांकि लोक निर्माण विभाग की ओर से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यह काम काफी धीमी गति से हो रहा है और मौजूदा हालात के हिसाब से नाकाफी है। 

बाहरी दुनिया से कटा  संपर्क

वहीं, सीमा सड़क संगठन भी दो दिन से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी मुख्य सड़कों को पूरी तरह बहाल नहीं कर पाया है, जिससे पांगी घाटी का बाहरी दुनिया से संपर्क अभी भी कटा हुआ है। दूरदराज़ गांव शूण से सामने आए एक वीडियो में हालात की भयावह तस्वीर साफ दिखाई देती है।

 

यह भी पढ़ें :  बर्फबारी ने रोकी हिमाचल की रफ्तार: 361 सड़कें बंद, सैकड़ों गांव अंधेरे में- जनजीवन बेहाल

 

इस वीडियो को स्थानीय विधायक डॉ. जनक राज ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। विधायक ने आरोप लगाया है कि जनजातीय इलाकों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आपात हालात में सड़कों को बहाल करना और लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।

प्रशासन का जताया आभार

इस मामले पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सतीश कुमार राणा ने बताया कि जैसे ही उन्हें लेओ गांव के साहिल के बीमार होने की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत कार्यकारी आवासीय आयुक्त एवं उपमंडल अधिकारी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन भेजा और बच्चे का रेस्क्यू संभव हो पाया। उन्होंने इसके लिए प्रशासन का आभार भी जताया।

साच-सेचु मार्ग खोलने की अपील 

वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खासतौर पर साच-सेचु संपर्क मार्ग समेत सभी मुख्य और अंदरूनी सड़कों से बर्फ हटाने का काम युद्धस्तर पर किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में लोगों की जान खतरे में न पड़े।

 

यह भी पढ़ें : ब्रेकिंग: विक्रमादित्य सिंह के बाद एक और मंत्री भड़के- DC मंडी के खिलाफ लाया प्रिविलेज मोशन 

जल्द होगे रास्ते बहाल

विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि पांगी में भारी बर्फबारी के कारण लोगों का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि सभी मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द बहाल किया जाए, ताकि आम जनता को बेवजह परेशानियों का सामना न करना पड़े।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख