#विविध

January 31, 2026

हिमाचल में अलगे 4 दिन जमकर होगी बारिश-बर्फबारी, आंधी-तूफान भी आएगा; सभी 12 जिलों में अलर्ट जारी

हिमाचल में 60 किमी रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

शेयर करें:

 himachal weather

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। लंबे सूखे के बाद राहत लेकर आई बारिश-बर्फबारी अब फिर से जोर पकड़ने वाली है। पहाड़ों में सक्रिय हो रहा स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टरबेंस अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में असर दिखाएगा। कहीं झमाझम बारिश तो कहीं बर्फीले तूफान जैसी परिस्थितियां बनने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शनिवार से प्रदेश में स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर रविवार को देखने को मिलेगा। इस दौरान अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी जबकि निचले और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: एक दिन बाद लगेगा महंगाई का झटका, बीडी-सिगरेट सहित इनके बढ़ेंगे दाम; बदल जाएंगे कई नियम

सभी 12 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार के लिए प्रदेश के सभी 12 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऊंचे पहाड़ों पर बर्फीला तूफान आने की भी चेतावनी दी गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

अगले चार दिन ऐसा रहेगा मौसम

शनिवार को भी अधिक ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी का अनुमान है। 2 और 3 फरवरी को मुख्य रूप से ऊंचे क्षेत्रों में ही मौसम खराब रहेगा, जबकि 4 फरवरी से प्रदेश में मौसम के साफ होने की संभावना जताई गई है।

 

यह भी पढ़ें : ब्रेकिंग: विक्रमादित्य सिंह के बाद एक और मंत्री भड़के- DC मंडी के खिलाफ लाया प्रिविलेज मोशन 

ताबो में माइनस 10.2 डिग्री तक गिरा पारा

ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड लगातार बनी हुई है। ताबो का न्यूनतम तापमान माइनस 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कुकुमसैरी में पारा माइनस 9.2 डिग्री तक लुढ़क गया है। ठंड के चलते स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं।

टूरिस्ट और लोकल लोगों के लिए एडवाइजरी

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी है। बर्फीले तूफान और फिसलन के कारण सड़कों पर जोखिम बढ़ सकता है।

 

यह भी पढ़ें : एनजीटी की बड़ी कार्रवाई: विक्रमादित्य सिंह के विभाग पर लगा 47.14 लाख का भारी जुर्माना; जानें क्यों

किसानों-बागवानों और पर्यटन कारोबार के लिए राहत

गौरतलब है कि 12 अक्टूबर से 22 जनवरी तक प्रदेश में सूखे जैसे हालात रहे और सामान्य से 96 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि, पिछले एक सप्ताह में सामान्य से 270 प्रतिशत अधिक बारिश-बर्फबारी दर्ज की गई है। इससे किसानों, बागवानों के साथ-साथ पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है। बर्फबारी के बाद देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल का रुख कर रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख