#विविध
August 8, 2025
वीरभद्र फाउंडेशन ने आपदा पीड़ितों को दी 11 लाख की सहायता, अनाथ बच्चों को देंगे शिक्षा
विक्रमादित्य सिंह ने डीसी मंडी को सौंपा 11 लाख का चेक
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए वीरभद्र सिंह फाउंडेशन ने एक सराहनीय पहल की है। वीरभद्र सिंह फाउंडेशन ने मंडी जिला प्रशासन को 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है। यह सहायता आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने और अनाथ बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दी गई है।
फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी के उपायुक्त को 11 लाख रुपए का चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि यह राशि विशेष रूप से उन परिवारों को राहत देने के लिए दी जा रही है, जिन्होंने हालिया बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं में अपने घर, खेत या आजीविका के अन्य साधन खो दिए हैं।
यह भी पढ़ें : सुधीर के आपदा फंड पर सीएम सुक्खू का तंज, पार्टी बदलने पर मिले पैसों से तो नहीं बांटी राहत
विक्रमादित्य सिंह ने जानकारी दी कि वीरभद्र सिंह फाउंडेशन ने मंडी जिला प्रशासन से उन बच्चों की सूची मांगी है, जिन्होंने आपदा में अपने माता.पिता दोनों को खो दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अनाथ बच्चों की शिक्षा का संपूर्ण खर्च फाउंडेशन द्वारा उठाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि प्रभावित बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें भविष्य के लिए सशक्त बनाना है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सरकारी नौकरी: जेबीटी के 600 पदों पर शुरू हुई भर्ती, HPRCA ने मांगे आवेदन; जानें डिटेल
मंत्री ने कहा कि फाउंडेशन का प्रयास केवल तात्कालिक राहत तक सीमित नहीं है, बल्कि दीर्घकालिक पुनर्वास और सामाजिक सुरक्षा पर भी फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आपदा प्रभावित लोगों को तत्काल राहत के साथ.साथ दीर्घकालिक सहायता भी मिले, जिससे वे अपनी जिंदगी को दोबारा सामान्य रूप में शुरू कर सकें।
विक्रमादित्य सिंह ने इस अवसर पर अपने पिता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को भी याद किया। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन उनके ही विचारों और दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रहा है, जिसमें समाज के सबसे कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई थी। उन्होंने कहा कि पिता जी का सपना था कि समाज का हर वंचित व्यक्ति मुख्यधारा से जुड़े और सम्मानजनक जीवन जी सके। वीरभद्र सिंह फाउंडेशन उसी लक्ष्य की दिशा में काम कर रहा है।
यह भी पढ़ें : कौन होगा हिमाचल कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष ? सीएम सुक्खू ने कर दिया स्पष्ट, जानें
विक्रमादित्य सिंह ने आपदा प्रबंधन और पुनर्वास कार्यों में लगे सरकारी एजेंसियों, गैर-सरकारी संगठनों तथा समाजसेवियों के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मंडी जिले में बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान की भरपाई के लिए राहत और पुनर्वास कार्य तेजी से चल रहे हैं, और इन प्रयासों में समाज का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
वीरभद्र सिंह फाउंडेशन द्वारा की गई इस सहायता और शिक्षा संबंधी प्रतिबद्धता से न केवल प्रभावित परिवारों को राहत मिली है, बल्कि अनाथ हुए बच्चों को भी एक नई आशा और भविष्य की दिशा मिली है। यह पहल हिमाचल प्रदेश में आपदा के समय सामाजिक सहभागिता और मानवीयता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।