#विविध
February 2, 2026
हिमाचल : बर्फबारी में मसीहा बनी वायुसेना- बीमार को एयरलिफ्ट कर पहुंचाया अस्पताल, बचाई जान
देहरादून से पहुंचे सेना के दो हेलीकाप्टर
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी ने जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़कें बंद होने से लोगों की आवाजाही ठप हो गई है, वहीं मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना बड़ी चुनौती बन गया है। इसी बीच राजधानी शिमला जिले के दुर्गम क्षेत्र डोडरा में अधिक बर्फबारी के चलते एक मरीज को समय पर इलाज दिलाने के लिए भारतीय वायुसेना मददगार साबित हुई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजधानी शिमला के डोडरा-क्वार क्षेत्र के गांव कितरवाड़ी की रहने वाली 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला पैरालाइज से पीड़ित थीं। लगातार स्वास्थ्य बिगड़ने से अनकी हालत खराब होने लगी। बीते कल बर्फबरी होने से सड़कें बंद हो गई थी। ऐसे में उनके बेटे जिया सेन ने स्थानीय प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।
वहीं 31 जनवरी को मरीज के परिजनों ने SDM डोडरा-क्वार और नायब तहसीलदार को मरीज की हालत के बारे में बताया। स्थिति गंभीर देख प्रशासन ने तुरंत मामले गंभीरता से लिया। इसके बाद जिला प्रशासन शिमला ने बिना समय गंवाए प्रदेश सरकार को पत्र भेजकर एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर से मरीज को एयरलिफ्ट करने की मांग की।

प्रदेश सरकार ने तुरंत एयरफोर्स से संपर्क किया। इसके बाद रविवार को देहरादून से एयरफोर्स के दो हेलीकॉप्टर डोडरा-क्वार भेजे गए। एक हेलीकॉप्टर में मरीज धर्मी देवी और एक तीमारदार को बैठाया गया, जबकि दूसरे में मरीज के बाकी परिजन गए। पहले योजना यह थी कि मरीज को IGMC शिमला लाया जाए, लेकिन शिमला में मौसम खराब होने की वजह से हेलीकॉप्टर उतर नहीं पाया।
इसके बाद प्रशासन ने फैसला लिया कि मरीज को सीधे PGI चंडीगढ़ ले जाया जाए। इसके बाद दोनों हेलीकॉप्टर चंडीगढ़ रवाना हुए। इस पूरे अभियान में प्रदेश सरकार और प्रशासन की अहम भूमिका रही। जीएडी के संयुक्त सचिव अनिल मनकोटिया ने एयरफोर्स प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया।

वहीं PGI में तैनात प्रदेश सरकार के अधिकारियों से भी संपर्क किया गया, ताकि मरीज को किसी तरह की परेशानी न हो। ADM प्रोटोकॉल ज्योति राणा ने मरीज और उनके परिजनों के लिए PGI में इलाज और जांच की पूरी व्यवस्था करवाई।

DC शिमला अनुपम कश्यप ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि डोडरा-क्वार के स्थानीय प्रशासन के माध्यम से उन्हें मरीज की सूचना मिली थी। भारी बर्फबारी और खराब मौसम के चलते मरीज को सड़क मार्ग से लाना संभव नहीं था। ऐसे हालात में एयरलिफ्ट ही आखिरी सहारा था। सरकार के त्वरित प्रयासों से मरीज और उनके परिजनों को सुरक्षित रूप से PGI पहुंचाया गया। प्रशासन की टीम वहां लगातार मौजूद है और हर संभव मदद की जा रही है।