#विविध
August 11, 2025
हिमाचल के स्कूलों में इस बार ऐसे मनाया जाएगा 15 अगस्त, तिंरगा फहराने आएंगे खास मेहमान
सभी सरकारी स्कूलों में अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में इस बार स्वतंत्रता दिवस का रंग कुछ खास होने वाला है। शिक्षा विभाग ने तय किया है कि 15 अगस्त के कार्यक्रमों में पूर्व सैनिकों और वर्तमान में सेवा दे रहे सैनिकों को विशेष सम्मान दिया जाएगा।
यह कदम विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और सेना के बलिदान के प्रति सम्मान बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है। शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने स्कूल शिक्षा निदेशक को पत्र जारी कर निर्देश दिया है कि इस पहल को सभी सरकारी स्कूलों में अनिवार्य रूप से लागू किया जाए।
इसके तहत स्कूलों को एडवाइजरी जारी की जाएगी, जिसमें स्थानीय समुदाय के पूर्व सैनिकों और सेवारत सैन्य कर्मियों को विशेष अतिथि के रूप में समारोह में शामिल करने के निर्देश होंगे।
प्रत्येक स्कूल अपने आसपास रहने वाले पूर्व सैनिकों और वर्तमान में ड्यूटी पर तैनात रक्षा कर्मियों की पहचान कर उन्हें औपचारिक निमंत्रण देगा। समारोह में उपस्थित सबसे वरिष्ठ पूर्व सैनिक या सेवारत सैनिक को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज फहराने का सम्मान प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को इन वीरों के अनुभव और प्रेरणादायक किस्से सुनने का अवसर मिलेगा।
स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने कहा कि ये पहल सिर्फ स्वतंत्रता दिवस समारोह को खास बनाएगी। साथ ही छात्रों के मन में राष्ट्रीय गौरव और कृतज्ञता की गहरी भावना भी पैदा करेगी। रक्षा कर्मियों को इस तरह से शामिल करना, उनके योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को रक्षा सेवाओं में करियर के लिए प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम होगा।
इस पहल से स्कूलों का स्थानीय समुदाय के साथ संबंध और मजबूत होगा। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में, बच्चे अपने ही गांव-शहर के वीरों से मिलकर न केवल गर्व महसूस करेंगे, बल्कि यह समझ भी पाएंगे कि आज़ादी और सुरक्षा किस कीमत पर मिली है।