#विविध
February 8, 2026
हिमाचल में कल से बारशि-बर्फबारी, तेज आंधी-तूफान के साथ बरसेंगे बादल; अलर्ट जारी
12 फरवरी से मौसम साफ होने की संभावना
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश का मौसम एक बार फिर बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 9 से 11 फरवरी तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं 10 फरवरी को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। इस सब में राहत की बात ये है कि बर्फबारी से हिमालयी ग्लेशियरों को राहत मिली है।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते 9 फरवरी से मौसम में बदलाव आ सकता है। इस दिन किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा व कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं 10 फरवरी को पूरे प्रदेश का मौसम बदल सकता है।
9 से 11 फरवरी के दौरान कई क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इतना ही नहीं, गरज के साथ बिजली चमकने को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 12 फरवरी से प्रदेश में मौसम के फिर से साफ होने की संभावना है।
प्रदेश में 23 जनवरी से अबतक 5 बार बर्फबारी हो चुकी है। हिमालयी क्षेत्रों में 11 दिनों के अंदर हुई बर्फबारी से लगातार सिकुड़ रहे ग्लेशियरों को राहत मिली है। ग्लेशियरों पर 15 से 20 फीट तक बर्फ की मोटी परत जम गई है।
जलवायु परिवर्तन और बढ़ते तापमान के दबाव से जूझ रहे ग्लेशियरों के लिए बर्फबारी संजीवनी मानी जा रही है। बर्फबारी के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है जिससे ग्लेशियरों के पिघलने की प्रक्रिया धीमी हो गई है।
कल से बदलने वाले मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में आम नागरिकों को इस अलर्ट को गंभीरता से लेकर उसी के अनुसार बर्ताव रखना चाहिए। बिगड़ते मौसम में किसी भी प्रकार की लापरवाही आपको जोखिम में डाल सकती है।