#विविध
November 6, 2025
हिमाचल आ रहे राहुल गांधी, CM सुक्खू के साथ बाढ़ प्रभावितों को बांटेंगे राहत राशि; जानें कब
तैयारियों में जुटा हुआ है मंडी प्रशासन
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश में बारिश ने जो तांडव मचाया, वो कभी नहीं भुलाया जा सकता। प्रदेश के 1817 घर बारिश से तबाह हो चुके हैं। अब आपदा प्रभावितों को घर बनाने के लिए राहत राशि आवंटन की मुहिम मंडी से शुरू हो रही है। इसके लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी व मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू छोटी काशी पहुंचेंगे। प्रभावितों के लिए प्रदेश सरकार ने कुल 500 करोड़ की व्यवस्था की है।
9 नवंबर को राहुल गांधी व मुख्यमंत्री सुक्खू मंडी आएंगे। प्रस्तावित दौरे को लेकर मंडी, बिलासपुर व कुल्लू प्रशासन के आला अधिकारियों को भी तैयारियां पूरे करने के निर्देश शिमला से दे दिए गए हैं। राहत आवंटन कार्यक्रम को मंडी पड्डल मैदान में करवाने की योजना बनाई जा रही है।
पहले मंडी प्रशासन इस कार्यक्रम को 7 नवंबर को आयोजित करने में जुटा हुआ था लेकिन राहुल गांधी बिहार चुनाव में व्यस्त थे जिससे ये कार्यक्रम अब 9 नवंबर को होने की संभावना है।
मंडी प्रशासन उन लोगों की सूची को अंतिम रूप दे रहा है जिनके घर इस आपदा में तबाह हुए हैं। कार्यक्रम में आपदा प्रभावितों को घर बनाने के लिए 4-4 लाख के चेक दिए जाएंगे। बता दें कि सरकार ने घर बनाने के लिए 7 लाख की घोषणा की है जिसमें से 4 लाख इस कार्यक्रम में दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि बारिश और बादल फटने से मंडी जिले में भारी तबाही हुई है। इसमें लगभग 752 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। जिले के कुल 288 घर तबाह हुए हैं तो वहीं आंशिक रूप से 593 घरों को नुकसान पहुंचा।
9 नवंबर को मुख्यमंत्री के मंडी दौरे पर रहने के चलते 11 नवंबर को बल्ह स्थित कंसा चौक में होने वाला कार्यक्रम आगे खिसक जाएगा। अब बल्ह दौरे को लेकर 9 तारीख को ही मुख्यमंत्री से अगली तारीख ली जाएगी। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री 17-18 नवंबर तक बल्ह आ जाएंगे।