#विविध
February 19, 2025
हिमाचल: मूर्ति विवाद पर नगर परिषद का फैसला- क्या बदल गई लोकेशन?
मुस्लिमों की आपत्ति को देखकर सुजानपुर नगर परिषद का फैसला, हिंदू संगठन फैसले से नाराज
शेयर करें:

हमीरपुर। मुस्लिम संगठनों की आपत्ति को देखते हुए सुजानपुर नगर परिषद ने फैसला किया है कि शहर के वार्ड 4 के डोली में महाराणा प्रताप की प्रतिमा निर्धारित स्थान पर तो लगेगी, लेकिन प्रतिमा की दिशा बदली हुई होगी। पहले के प्लान में प्रतिमा की दिशा मस्जिद के सामने थी, जिस पर मुसलिम संगठनों को ऐतराज था।
बुधवार को हुई बैठक में नगर परिषद ने प्रतिमा की स्थापना के स्थान पार्क और वार्ड 2 में ऐतिहासिक कुएं के सौंदर्यीकरण करने का भी फैसला लिया गया है। इस बीच, देवभूमि क्षत्रिय संगठन ने सुजानपुर नगर परिषद के फैसले पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन करने की धमकी दी है। हिंदू संगठनों ने इससे पहले 24 फरवरी को आंदोलन करने की बात कही थी। मुस्लिम समुदाय ने नमाज का हवाला देते हुए मस्जिद के सामने प्रतिमा स्थापना का विरोध किया था।
इसके खिलाफ हिंदू संगठन भी मैदान में उतर गए थे। हिंदू संगठनों ने प्रशासन से प्रतिमा को निर्धारित स्थान पर ही स्थापित करने की मांग करते हुए 24 फरवरी को आंदोलन की भी चेतावनी दी थी। नगर परिषद सुजानपुर की बैठक में फैसला हुआ कि डाली में प्रतिमा के स्थापन पर एक पार्क का निर्माण भी किया जाएगा। हालांकि यह सुनिश्चित होगा कि यहां पर आवागमन में किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। बैठक में नप सुजानपुर की अध्यक्ष शकुंतला देवी, उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता और कार्यकारी अधिकारी अजमेर ठाकुर सहित सभी पार्षद मौजूद रहे।
इससे पहले मुस्लिम समुदाय के विरोध के बाद स्थानीय लोगों और विश्व हिंदू परिषद ने तय स्थान पर पार्क बनाने और मूर्ति स्थापित करने की मांग उठाई थी। विहिप और स्थानीय लोगों का तर्क है कि नगर परिषद और सरकारी भूमि पर यह निर्माण किया जा रहा है, ऐसे में समुदाय विशेष के लोगों का विरोध वाजिब नहीं है।
नगर परिषद सुजानपुर की बैठक में यह निर्णय भी लिया गया है कि वार्ड नंबर 2 के ऐतिहासिक नौण का सौंदर्यकरण कर यहां पर मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। मस्जिद के नजदीक ही पार्क का निर्माण के साथ वहां पर सटे हुए ऐतिहासिक कुएं का जीर्णोद्वार भी किया जाएगा।
पार्क में बच्चों के लिए झूले, बेंच भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा कुएं को पौराणिक रूप में सजाकर इसका सौंदर्यकरण किया जाएगा। नगर परिषद सुजानपुर के कार्यकारी अधिकारी अजमेर ठाकुर ने कहा कि पार्क का निर्माण लोगों की सुविधा के लिए किया जा रहा है। यहां पर मूर्ति इस तरह से लगाई जाएगी, जिससे किसी को आने जाने में कोई दिक्कत पेश न आए। शहर के सौंदर्यकरण के लिए कार्य किया जा रहा है।