#विविध
February 8, 2026
हिमाचल में 3 लड़कियां व 1 लड़का गायब- 18 से कम है उम्र- परिजनों को सता रहा अनहोनी का डर
पुलिस चला रही है सर्च ऑपरेशन
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से 4 नाबालिगों के लापता होने की खबर सामने आई है। इसमें तीन नाबालिग लड़कियां और एक नाबालिग लड़का शामिल है। नाबालिगों के परिजनों से शिकायत मिलने के बाद विभिन्न पुलिस थानों की टीमें बच्चों की तलाश में जुट गई हैं। बता दें कि 3 नाबालिग लड़कियां ठियोग व 1 नाबालिग लड़का कुमारसैन उपमंडल का है।
कुमारसैन मामले में एक महिला ने बताया कि वो 4 फरवरी को इलाज के लिए IGMC शिमला गई थी। जब वो 5 फरवरी को घर लौटी तो उसका 16 साल का बेटा वहां नहीं था। हैरान करने वाली बात ये है कि बेटे ने परिवार के सभी मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए हैं जिससे उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
वहीं ठियोग में एक दंपति अपनी दो बेटियों को नानी के पास छोड़कर खेत में काम करने गए थे। वापस आने पर उनकी एक 16 साल की बेटी गायब मिली। छानबीन में पता चला कि उसी इलाके से 12 और 13 साल की दो अन्य लड़कियां भी लापता हैं। एक ही जगह से 3 नाबालिगों के गायब से होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस ने इन मामलों की जांच के लिए SI राकेश कुमार को नियुक्त किया है। रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है लेकिन अभी तक किसी का सुराग नहीं मिला है। पुलिस का अनुरोध है कि अगर बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें।
राजधानी शिमला में अलग-अलग जगहों पर 4 नाबालिगों के गायब होने से परिजनों में डर का माहौल बना हुआ है। माता-पिता को चिंता सता रही है कि कहीं उनके बच्चे के साथ कोई अनहोनि ना हो गई हो। हालांकि बच्चों के गायब होने के पीछे की वजह तो जांच-पड़ताल के बाद ही पता चल पाएगी।