शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शिमला, कुल्लू और लाहौल घाटी में ताजा बर्फबारी का दौर शुरू हो चुका है। रोहतांग दर्रे और आसपास की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो रही है, जहां 10 सेंटीमीटर तक ताजा हिमपात रिकॉर्ड किया गया है। मौसम में आए इस बदलाव के बाद कुल्लू और लाहौल प्रशासन ने चेतावनी जारी की है, वहीं शिमला में भी बर्फ के फाहे गिरने लगे हैं।
आज और कल मौसम खराब
मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में और हिमपात हो सकता है। कुल्लू-मनाली की ओर बड़ी संख्या में सैलानियों का रुख किया है, खासकर क्रिसमस और नए साल के मौके पर। रविवार को अटल टनल रोहतांग से 11,322 वाहन गुजरे हैं, जिससे पर्यटन कारोबारियों में व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद जागी है। हालांकि, प्रशासन ने सैलानियों को बर्फीले इलाकों में न जाने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के प्रथम ने माता-पिता का नाम किया ऊंचा- वायु सेना में बना फ्लाइंग ऑफिसर
प्रदेश में शीतलहर का प्रभाव
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले छह दिनों तक शीतलहर जारी रहने की संभावना है। 24 और 25 दिसंबर को मैदानी इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। मंडी, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा के कुछ इलाकों में तापमान शून्य से नीचे जा चुका है। शनिवार को ताबों में इस सीजन का सबसे कम तापमान, माइनस 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल का वीर जवान शहीद- पत्नी और 5 साल के बच्चे का नहीं बचा कोई सहारा
आने वाले दिनों में बर्फबारी और बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 27 दिसंबर को पूरे प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 23 और 24 दिसंबर को भी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मनाली, कल्पा, नारकंडा और सिस्सू सहित कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ने के साथ-साथ पर्यटकों के लिए बर्फबारी का आनंद लेने का सुनहरा मौका है।