कांगड़ा। दो माह पहले ही माता पिता ने अपने फौजी बेटे को दूल्हा बनाकर बड़े अरमानों के साथ उसकी शादी की थी। लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनके यह अरमान दो माह बाद ही टूट जाएंगे। शादी के बाद हंसी खुशी ड्यूटी पर गया फौजी बेटा अक्षय कुमार आज तिरंगे में लिपटा अपने घर आएगा। मात्र 29 साल की उम्र में ही फौजी अक्षय कुमार देश पर कुर्बान हो गया। अक्षय कुमार शादी के बाद 30 नवंबर को ही वापस ड्यूटी पर लौटे थे। ड्यूटी ज्वाइन करने के हफ्ते बाद ही वह शहीद हो गए।
कैसे हुई मौत
हिमाचल के कांगड़ा जिला के धर्मशाला के साथ लगते बागनी का जवान अक्षय कुमार बीते रोज शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान शहीद हो गया। जवान अक्षय कुमार की मौत अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से हो गई। जवान की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पर लगी तो घर में माता पिता के अलावा उसकी नई नवेली दुल्हन के पैरों तले जमीन खिसक गई।
अरुणाचल में हुआ शहीद
शहीद अक्षय कुमार 19 डोगरा बटालियन में तैनात थे और इस समय अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी दे रहे थे। शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान अक्षय कुमार को हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उसके साथी उसे तुरंत ही आर्मी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक जवान की मौत हो चुकी थी। जवान की मौत की खबर बीते रोज शुक्रवार शाम को परिजनांे को दी गई।
7 अक्तूबर को हुई थी शादी
शहीद अक्षय कुमार के पिता संसार चंद ने बताया कि अक्षय की शादी दो माह पहले सात अक्तूबर को हुई थी। शादी के बाद कुछ दिन घर रहने के बाद वह वापस ड्यूटी पर लौट गया था। लेकिन उन्हें क्या पता था कि बेटा इस तरह से उन्हंे हमेशा हमेशा के लिए छोड़ जाएगा। जवान की मौत से उसकी मां और नई नवेली दुल्हन बेसुध हालत में हैं।
यह भी पढ़ें : कमरे में बैठी थी अंशिका, भाई ने दरवाजा खोल देखा तो..
19 साल की उम्र में सेना में भर्ती हुआ था अक्षय
पिता संसार चंद ने बताया कि अक्षय को बचपन से ही भारतीय सेना में जाने का शौक था। जिसे पूरा करने के लिए उसने कड़ी मेहनत की और मात्र 19 साल की उम्र में वह 2015 में सेना में भर्ती हो गया था। बेटे ने अपना सपना तो पूरा कर लिया, लेकिन उनके बलिदान ने परिवार और गांव को एक गहरा सदमा दिया है।
यह भी पढ़ें : एसपी इल्मा अफरोज की बढ़ी मुश्किलें! सुक्खू सरकार ने मांगी जांच रिपोर्ट
हाथों की मेहंगी का रंग छूटने से पहले उजड़ा सुहाग
वहीं दूसरी तरफ घर में नई नवेली दुल्हन जिसके हाथों की मेहंदी का रंग भी अभी तक नहीं छूटा था, उसकी मांग उजड़ गई है। शादी के बाद अपनी नई जिंदगी के सपने और नए जीवन की शुरूआत करने की तैयारी कर रही नई नवेली दुल्हन को क्या पता था कि शादी के महज दो माह बाद ही उसका सुहाग उजड़ जाएगा और उसका फौजी पति उसे इस दुनिया में अकेला छोड़ जाएगा।
यह भी पढ़ें : कार में छिपा रखी थी नशे की खेप- पुलिस ने ऐसे गिरफ्तार किए 3 चिट्टा तस्कर
आज शाम घर पहुंचेगी पार्थिव देह
जवान अक्षय कुमार की मौत से ना सिर्फ उसका परिवार बल्कि पूरा गांव सदमे में है। बताया जा रहा है कि अक्षय कुमार की पार्थिव देह आज शनिवार शाम को उनके पैतृक गांव पहुंचेगी, जहां उनका पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। ग्राम पंचायत बागनी के प्रधान सुरेश कुमार पप्पी ने बताया कि बागनी के जवान के हार्ट अटैक से मृत्यु होने का दुःखद सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि सेना की ओर से शनिवार शाम तक शव को पैतृक गांव पहुंचाने की बात कही जा रही है।