#विविध
April 3, 2026
हिमाचल से माता के दरबार तक आसान रास्ता- चामुंडा से वैष्णो देवी तक चलेगी सीधी बस
बेहतर सुविधाओं पर HPTDC का फोकस
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) अब लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई बस सेवा शुरू करने जा रहा है। यह बस चामंड़ा देवी से सीधे वैष्णों देवी मंदिर तक चलाई जाएगी।
खास बात यह है कि HPTDC पहली बार किसी धार्मिक यात्रा के लिए बस सेवा शुरू करने जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को काफी फायदा मिलने की उम्मीद है। इस फैसले को बीते कल वीरवार को हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स (बीओडी) की बैठक में मंजूरी दी गई। इस बैठक की अध्यक्षता HPTDC के चेयरमैन RS बाली ने की।
बैठक में पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने और यात्रियों को ज्यादा आरामदायक अनुभव देने पर खास जोर दिया गया। बस सेवा शुरू होने से खासतौर पर उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जो हिमाचल से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाते हैं।
अब उन्हें अलग-अलग साधनों से यात्रा करने की परेशानी नहीं होगी, बल्कि सीधे एक ही बस से सफर कर सकेंगे। इससे समय की बचत भी होगी और यात्रा ज्यादा सुविधाजनक बनेगी। इसके अलावा, बैठक में HPTDC के होटलों और रेस्टोरेंट्स की गुणवत्ता सुधारने को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया।
अब एक खास फ्लाइंग स्क्वॉड (निरीक्षण टीम) बनाई जाएगी, जो समय-समय पर अलग-अलग होटलों और रेस्टोरेंट्स में जाकर जांच करेगी। यह टीम कमरों की सफाई, रखरखाव, खाने की गुणवत्ता और ग्राहकों को दी जा रही सेवाओं का पूरा जायजा लेगी। अगर कहीं कमी पाई गई तो उसे तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए जाएंगे।
इस कदम का मकसद साफ है पर्यटकों और ग्राहकों को बेहतर और उच्च स्तर की सुविधाएं देना। HPTDC चाहता है कि उसके होटलों में आने वाला हर व्यक्ति संतुष्ट होकर जाए और उसे किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इतना ही नहीं, ग्राहकों की शिकायतों को गंभीरता से लेने के लिए HPTDC अब 24 घंटे चलने वाला कॉल सेंटर भी शुरू करने जा रहा है। इस कॉल सेंटर के जरिए कोई भी ग्राहक अपनी शिकायत आसानी से दर्ज करवा सकेगा। शिकायत दर्ज होते ही उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी, ताकि समस्या का जल्द से जल्द समाधान हो सके।
इस नई व्यवस्था से दो फायदे होंगे एक तरफ ग्राहकों को अपनी बात रखने का आसान माध्यम मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ HPTDC को अपनी सेवाओं में सुधार करने का मौका मिलेगा। इससे भविष्य में व्यवस्थाएं और भी बेहतर हो सकेंगी।