#विविध
February 19, 2025
हिमाचल डाक विभाग की कछुआ चाल, इंटरव्यू के दिन पहुंचाई सरकारी चिट्ठी
बिलासपुर जिले में मात्र 10 किलोमीटर की दूरी तय करने में डाक विभाग को 13 दिन लग गए
शेयर करें:

बिलासपुर। डिजिटल युग में जहां संचार के माध्यम अत्यधिक तेज हो गए हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश के भराड़ी क्षेत्र में डाक विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली ने एक युवक के लिए परेशानी पैदा कर दी। ताजा मामला पडयालग पंचायत के डोहरु गांव निवासी कुणाल सिंह का है, जिनका जल शक्ति विभाग में मल्टी टास्क वर्कर के पद के लिए साक्षात्कार 18 फरवरी 2025 को निर्धारित था।
कुणाल सिंह ने पिछले साल जल शक्ति विभाग में आवेदन किया था और विभाग ने साक्षात्कार पत्र 5 फरवरी को भेजा था। हालांकि, कुणाल चंडीगढ़ में रह रहा था और घरवालों से यह कहा था कि कोई भी महत्वपूर्ण पत्र आते ही उसे सूचित किया जाए। लेकिन 18 फरवरी की सुबह जब साक्षात्कार पत्र उसके घर पहुंचा, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
यह पत्र 13 दिन में केवल 10 किलोमीटर की दूरी तय कर कुणाल के घर तक पहुंचा, जो डाक विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। साक्षात्कार का समय घुमारवीं में सुबह 11 बजे था और इतनी देर में चंडीगढ़ से घुमारवीं तक पहुंच पाना संभव नहीं था। यह पत्र सिर्फ एक साधारण पत्र नहीं, बल्कि युवक के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण दस्तावेज था।
जब जल शक्ति विभाग को इस समस्या के बारे में जानकारी मिली, तो उन्होंने युवक को साक्षात्कार में शामिल होने के लिए शाम का समय दिया। इस पर कुणाल चंडीगढ़ से जल शक्ति विभाग के कार्यालय घुमारवीं पहुंच गया और साक्षात्कार में भाग लिया।
घुमारवीं पोस्ट मास्टर सुरेश धीमान ने बताया कि इस मामले में उच्च अधिकारी ही सही जानकारी दे सकते हैं। वहीं, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता मस्तराम चौहान ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी मिली थी और युवक को साक्षात्कार में शामिल होने के लिए बुला लिया गया था।