#विविध
September 27, 2026
10 साल बाद आज SUNDAY को भी खुले बैंक, SBI वालों की चांदी- अगले तीन दिन सेवाएं ठप
रविवार को बैंक शाखाओं में हुआ कामकाज
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बैंक ग्राहकों के लिए अगले तीन दिन अहम रहने वाले हैं। दरअसल, कल से लगातार तीन दिन प्रदेश के सभी बैंकों पर ताला लटका रहेगा।
आमतौर पर रविवार को बैंक बंद रहते हैं, लेकिन आज 27 सितंबर, रविवार को देशभर में कई बैंक शाखाएं खुली रहेंगी।
करीब 10 साल बाद ऐसा मौका आया है, जब रविवार के दिन भी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। खास बात यह है कि SBI के ग्राहकों को किसी अन्य बैंक के ATM से पैसे निकालवने पर कोई एक्स्ट्रा चार्ज भी नहीं देना पड़ेगा।
बैंक कर्मचारी संगठनों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। इसका असर शिमला से लेकर मंडी, कांगड़ा, सोलन, ऊना, हमीरपुर और प्रदेश के अन्य जिलों में बैंकिंग सेवाओं पर देखने को मिल सकता है।
हड़ताल के दौरान शाखाओं में कर्मचारियों की उपलब्धता कम रहने के कारण आम लोगों को कई जरूरी कामों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह बंद होने की स्थिति नहीं है, इसलिए ऑनलाइन लेनदेन करने वाले ग्राहकों को राहत मिल सकती है।
बता दें कि बैंक कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांग सप्ताह में केवल पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश मिलने से कर्मचारियों को लगातार दो दिन आराम मिल सकेगा।
इसके अलावा बैंकिंग कर्मचारियों से जुड़े कई अन्य लंबित मुद्दे भी उनकी मांगों में शामिल हैं। कर्मचारी संगठन पहले भी इन मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। बातचीत के जरिए समाधान नहीं निकलने के बाद अब तीन दिनों तक काम बंद रखने का फैसला लिया गया है।
हड़ताल से ठीक पहले रविवार को कई बैंक शाखाओं के खुले रहने से लोगों के बीच भी चर्चा रही। इसकी वजह लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने की संभावित स्थिति बताई गई। रविवार को शाखाएं खुलने से ग्राहकों को हड़ताल शुरू होने से पहले अपने जरूरी काम निपटाने का अवसर मिला।
शिमला में भी रविवार को बैंक शाखाओं में कामकाज हुआ। हालांकि सामान्य दिनों की तुलना में ग्राहकों की संख्या कम रही। कुछ लोगों ने हड़ताल से पहले ही नकद निकासी, जमा और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य पूरे किए।
बैंक शाखाएं बंद रहने का मतलब यह नहीं है कि बैंकिंग की सभी सेवाएं बंद हो जाएंगी। सामान्य तौर पर UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल या स्वचालित सेवाएं उपलब्ध रह सकती हैं। हालांकि ATM में नकदी खत्म होने या किसी तकनीकी समस्या की स्थिति में लोगों को परेशानी हो सकती है। यानी जिन लोगों को अगले कुछ दिनों में नकदी की जरूरत है, वे पहले से इसकी व्यवस्था कर सकते हैं। वहीं ऑनलाइन भुगतान करने वाले लोग UPI और मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
हड़ताल का असर आम ग्राहकों के साथ कारोबारियों पर भी पड़ सकता है। जिन व्यापारियों को चेक जमा करने, नकद लेनदेन या बैंक से जुड़े दस्तावेजी काम कराने हैं, उन्हें काम टलने के कारण इंतजार करना पड़ सकता है। कंपनियों और अन्य संस्थानों के शाखा आधारित बैंकिंग कार्य भी प्रभावित होने की संभावना है। ऐसे में जरूरी बैंकिंग काम वाले लोगों के लिए बेहतर रहेगा कि वे हड़ताल की अवधि से पहले अपनी जरूरत के काम निपटा लें और बाकी लेनदेन के लिए बैंक की डिजिटल सेवाओं का विकल्प रखें।
हिमाचल प्रदेश में बैंक कर्मचारी संगठन भी इस आंदोलन में शामिल होने की तैयारी में हैं। कर्मचारियों की ओर से पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था समेत अन्य लंबित मांगों को लेकर हड़ताल का फैसला लिया गया है।
28, 29 और 30 सितंबर को बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की स्थिति में ग्राहकों को अपनी योजना उसी के अनुसार बनानी होगी। खासकर शाखा में जाकर होने वाले जरूरी कामों के लिए लोगों को पहले से तैयारी करनी होगी। बैंकिंग सेवाओं में संभावित व्यवधान के बीच डिजिटल माध्यम और ATM ग्राहकों के लिए वैकल्पिक साधन बने रहेंगे।