#विविध

August 31, 2026

हिमाचल में मानसून का रौद्र रूप: सड़कें बनीं दरिया- हवा में लटक गया रेल ट्रैक, अगले 4 दिन अलर्ट

रेलवे ट्रैक हवा में लटका, कई सड़कें बंद

शेयर करें:

Himachal Pradesh Weather

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बीती रात हुई तेज बारिश ने सोलन से लेकर शिमला और मंडी तक कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दीं। कहीं मकान ढह गया तो कहीं सड़कें मलबे से पट गईं। तेज बहाव में वाहन भी बहने की सूचना है।

परवाणू में मकान ढहा, तीन खाली करवाए

सोलन के परवाणू में टकसाल क्षेत्र बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। यहां एक रिहायशी मकान बारिश की मार नहीं झेल सका और ढह गया। वहीं, आसपास के तीन अन्य मकानों पर भी खतरा देखते हुए प्रशासन ने इन्हें खाली करवा दिया। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। कई घरों में बारिश का पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

यह भी पढ़ें : आस्था की अनोखी मिसाल: मन्नत पूरी हुई तो बांध लिए पैर; रेंगते हुए बाबा बालक नाथ के दर पहुंचा श्रद्धालु

वाहन बहे, कई मलबे में दबे

भारी बारिश के बाद कई जगह पानी का बहाव इतना तेज रहा कि वाहन इसकी चपेट में आ गए। कुछ गाड़ियां बह गईं, जबकि कई वाहन मलबे में फंस गए। शिमला में भी रविवार दोपहर बाद तेज बारिश हुई। करीब सवा दो घंटे में 30 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जिसके बाद शहर की कई सड़कों पर पानी जमा हो गया और यातायात प्रभावित हुआ।

कालका-शिमला रेल लाइन को बड़ा नुकसान

बारिश का असर ऐतिहासिक कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर भी पड़ा है। कोटी और गुम्मन रेलवे स्टेशन के पास दो जगह मलबा आने के साथ ट्रैक के नीचे की मिट्टी बह गई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि रेलवे लाइन का एक हिस्सा हवा में लटक गया। सुरक्षा को देखते हुए इस रूट पर चलने वाली सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। ट्रैक की मरम्मत पूरी होने तक रेल सेवा बहाल नहीं होगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: परिवार ने खो दिया 16 साल का बेटा, घर से ट्यूशन के लिए निकला था, अगले दिन इस हाल में मिला

रामशहर-स्वारघाट मार्ग पर गिरा भारी मलबा

सोलन के रामशहर में भी बारिश के कारण सड़कें प्रभावित हुईं। शनिवार रात करीब 10 बजे गुनाहकलां के पास पहाड़ी से बड़े पत्थर और मलबा सड़क पर आ गिरा। इसके चलते रामशहर-स्वारघाट मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।

मंडी में 24 सड़कें बंद

मंडी जिले में भी भारी बारिश के कारण 24 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। सराज क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 17 सड़कों पर आवाजाही ठप है। वहीं कांगड़ा में रविवार को मौसम बादलों से घिरा रहा। कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ धुंध भी देखने को मिली।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: खड्ड किनारे घूमने निकले थे दो युवक, 132 केवी हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आए

3 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने हिमाचल में आने वाले दिनों में भी बारिश से राहत के कम संकेत दिए हैं। 31 अगस्त से 3 सितंबर तक कई इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 5 सितंबर तक प्रदेश के मैदानी, निचले और मध्य पर्वतीय इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

  • 31 अगस्त: कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश की चेतावनी।
  • 1 सितंबर: बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में अलर्ट।
  • 2 सितंबर: बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश संभव।
  • 3 सितंबर: सिरमौर में भारी बारिश की संभावना।

यानी हिमाचल में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से बेहद सतर्क रहने वाले हैं। खासकर भूस्खलन और सड़क बाधित होने वाले संवेदनशील इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख