#विविध
April 19, 2025
मां चिंतपूर्णी के चरणों में चढ़ा लाखों का चढ़ावा, एक ही भक्त ने दिया 40 लाख का गुप्त दान
मां चिंतपूर्णी मंदिर में टूटे पिछले सभी रिकॉर्ड
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में आस्था ने नया इतिहास रच दिया है। मंदिर को एक ही दिन में ₹48,33,294 का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ, जो अब तक का सबसे अधिक दैनिक चढ़ावा माना जा रहा है।
मंदिर प्रशासन के मुताबिक शुक्रवार को हुई चढ़ावे की गणना में 87 पैकेट 500-500 रुपये के नोटों से भरे पाए गए, जिनमें से 80 पैकेट एक जैसे थे। चौंकाने वाली बात यह रही कि इन पैसों में से ₹40 लाख की भारी-भरकम राशि एक ही श्रद्धालु ने दानपात्र में अर्पित की। श्रद्धा की इस मिसाल को देख मंदिर में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए।
यह भी पढ़ें : बड़ी खबर: निर्माणाधीन शिमला फ्लाईओवर से गिरे 4 मजदूर, मची चीख पुकार
कार्यवाहक मंदिर अधिकारी एवं तहसीलदार प्रेमलाल धीमान ने पुष्टि की कि गुरुवार के चढ़ावे में मंदिर न्यास को ₹48 लाख से अधिक की राशि प्राप्त हुई है। यह चढ़ावा पूरी तरह श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने में खर्च किया जाएगा।
मंदिर में इससे पहले एक दिन में अधिकतम ₹25 लाख तक का चढ़ावा मिला था। लेकिन इस बार की राशि ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। पहले भी कई श्रद्धालु सोना, चांदी और अन्य कीमती वस्तुएं मां के चरणों में समर्पित कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में थमा वेतन और भत्तों का पहिया, केंद्र ने घटाया फंड- कटौती की चपेट में मनरेगा कर्मी
चढ़ावे की गणना और निगरानी सीनियर निरीक्षक जीवन कुमार की मौजूदगी में की गई। सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रक्रियाएं रिकॉर्ड की गईं।