#विविध
May 27, 2026
हिमाचल पंचायत चुनाव में सगे भाई-बहन की बड़ी जीत : एक बना प्रधान, दूसरा उपप्रधान
बेटा-बेटी की जीत, खुशी से झूम उठा परिवार
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पंचायत चुनाव के नतीजों ने एक अनोखी मिसाल पेश की है। बाउनल काकोग पंचायत में यहां प्रधान और उपप्रधान दोनों पदों पर सगे बहन-भाई ने जीत हासिल कर पूरे क्षेत्र का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
पंचायत प्रधान पद के लिए हुए मुकाबले में अनिता शर्मा ने अपनी प्रतिद्वंद्वी उर्मीला को 34 मतों के अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं उपप्रधान पद के चुनाव में उनके भाई रामचरण ने नवरंग को बड़े अंतर से पराजित कर जीत अपने नाम की।
इसी पंचायत में वार्ड सदस्य पद के लिए हुए चुनाव में चंद्रकला ने आशा देवी को हराकर जीत हासिल की। चुनाव परिणाम घोषित होते ही पंचायत क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया और समर्थकों ने विजयी उम्मीदवारों का फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
सबसे दिलचस्प बात यह रही कि प्रधान बनी अनिता शर्मा और उपप्रधान चुने गए रामचरण सगे बहन-भाई हैं। दोनों की एक साथ जीत को पंचायत क्षेत्र में खास उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, अनिता शर्मा की शादी पास के ही गांव में हुई है। मगर मायके और ससुराल दोनों क्षेत्रों में उनकी जीत को लेकर खुशी का माहौल बना हुआ है।
विजयी उम्मीदवारों ने पंचायत की जनता का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने उन पर जो भरोसा जताया है- उसे विकास कार्यों और जनसेवा के जरिए पूरा किया जाएगा।