#विविध
April 18, 2026
हिमाचल की सैन्य छावनी में 26 वर्षीय जवान की मौ*त, दो माह पहले ही हुई थी शादी; पसरा मातम
दो माह पहले जिस आंगन में बजी थी शहनाई, वहां मची चीख पुकार
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां सैन्य प्रशिक्षण के दौरान एक 26 साल के जवान की मौत हो गई। इस हादसे ने उस घर में मातम पसार दिया, जिस घर में अभी मात्र दो माह पहले ही शादी की शहनाईयां गूंजी थी। जवान की मात्र दो माह पहले ही शादी हुई थी और वह शादी के कुछ दिन बाद ड्यूटी पर लौटा था। लेकिन किसे पता था कि अब वह कभी जिंदा वापस नहीं लौटेगा।
दरअसल चंबा जिला में स्थित बकलोह सैन्य छावनी में प्रशिक्षण के दौरान एक 26 वर्षीय जवान की मौत हो गई। इस घटना ने न केवल सैन्य परिसर बल्कि जवान के परिवार में भी शोक की लहर दौड़ा दी है। मात्र दो माह पहले दुल्हन बनी युवती के हाथों की महंदी का रंग छूटने से पहले ही उसका सुहाग उजड़ गया है। मृतक जवान की पहचान 26 वर्षीय मोहित पुत्र संजय शर्मा निवासी फरीदाबाद हरियाणा के रूप में हुई है। वह भारतीय सेना की 29 पैरा यूनिट से जुड़ा था और बकलोह स्थित स्पेशल फोर्सेस ट्रेनिंग स्कूल में प्रशिक्षण ले रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: शिक्षण संस्थान के हॉस्टल में छात्र से रैगिंग, आरोपी को किया निष्कासित; चिंता में परिजन
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह नियमित प्रशिक्षण के दौरान अचानक वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी जवानों और अधिकारियों ने बिना देरी किए उसे तुरंत सैन्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना चुवाड़ी की टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चम्बा भेजा गया है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: लग्जरी गाड़ी में मिला ढेर सारा नशा, छह पंजाबी युवक धरे, 19 से 22 है सभी की उम्र
इस घटना ने इसलिए भी सभी को भावुक कर दिया है क्योंकि जवान मोहित की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी। हाथों की मेहंदी का रंग अभी पूरी तरह फीका भी नहीं पड़ा था कि उसकी पत्नी का सुहाग उजड़ गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम का माहौल है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल CM सहित मंत्रियों-MLA की कट गई सैलरी, अफसरशाही को राहत; जानें कब तक होगी कटौती
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। वहीं सेना की संबंधित इकाई ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आंतरिक जांच शुरू कर दी है।