#अपराध
April 18, 2026
हिमाचल: शिक्षण संस्थान के हॉस्टल में छात्र से रैगिंग, आरोपी को किया निष्कासित; चिंता में परिजन
शिक्षण संस्थानों में बढ़ती रैगिंग की घटनाआंे से सहमें छात्रों के परिजन
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। ऊना जिले के पंडोगा स्थित केसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स में रैगिंग के नाम पर एक छात्र के साथ कथित मारपीट की घटना ने छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार हॉस्टल में रह रहे एक छात्र के साथ उसी संस्थान के एक अन्य छात्र द्वारा मारपीट की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि गुरुवार रात को रैगिंग के बहाने उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: लग्जरी गाड़ी में मिला ढेर सारा नशा, छह पंजाबी युवक धरे, 19 से 22 है सभी की उम्र
घटना सामने आते ही संस्थान प्रबंधन हरकत में आया। पीड़ित छात्र द्वारा ऑनलाइन शिकायत दिए जाने के बाद संस्थान के निदेशक ने तुरंत जांच के आदेश दिए और एक कमेटी का गठन किया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपी छात्र की संलिप्तता सामने आने पर उसे तत्काल प्रभाव से संस्थान से निष्कासित कर दिया गया।
वहीं] मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई। हरोली थाना में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संस्थान के निदेशक ने स्पष्ट किया कि रैगिंग जैसे मामलों के प्रति उनकी “जीरो टॉलरेंस” नीति है और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल CM सहित मंत्रियों-MLA की कट गई सैलरी, अफसरशाही को राहत; जानें कब तक होगी कटौती
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शिक्षा संस्थानों में रैगिंग जैसी कुप्रथा कब खत्म होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि सख्त नियमों के साथ-साथ जागरूकता और निगरानी भी उतनी ही जरूरी है, ताकि छात्र सुरक्षित वातावरण में शिक्षा ग्रहण कर सकें।