#हादसा
May 28, 2026
हिमाचल BREAKING : गहरी खाई में गिरी टैक्सी, 11 लोग थे सवार- तीन महिलाओं की मौ*त
लोगों की चीखों से दहला पूरा इलाका
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है। जिला मुख्यालय के साथ लगती लगघाटी की बढ़ई-बाग-बीज सड़क पर एक सूमो टैक्सी हादसे का शिकार हो गई है।
गहरी खाई में गिरने के कारण जहां वाहन के परखच्चे उड़ गए हैं। वहीं, इस हादसे में तीन महिलाओं की भी मौत हो गई है। इस दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
बताया जा रहा है कि बढ़ई-बाग-पीज मार्ग पर एक टैक्सी सूमो अचानक संतुलन खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में 11 लोग सवार बताए जा रहे थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े।

हादसे में तीन महिलाओं की जान चली गई। एक महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी घायल महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। वहीं, वाहन में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस, दमकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
खाई में उतरकर बचाव दल ने घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। बचाव कार्य के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी अहम भूमिका निभाई। बताया जा रहा है कि जिस सड़क पर हादसा हुआ, वह काफी संकरी है और वहां तीखे मोड़ भी हैं।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि वाहन चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण टैक्सी सीधे खाई में जा गिरी। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
हादसे की खबर फैलते ही लगघाटी क्षेत्र में मातम का माहौल छा गया। गांवों में शोक की लहर है और लोग मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।