#राजनीति

November 17, 2025

रिज के बाद आज यहां लगेगी राजा साहब की मूर्ति, पहले होगा भव्य समारोह- फिर धाम

कई वरिष्ठ नेता विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे

शेयर करें:

virbhadra singh

शिमला। हिमाचल प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री रहे और आधुनिक हिमाचल के "विकास पुरुष" माने जाने वाले स्व राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा शिमला के ऐतिहासिक रिज पर स्थापित की गई थी। अब राजा वीरभद्र सिंह की एक और प्रतिमा स्थापित की जा रही है। जिसके लिए तैयारियां जोरों से चल रही हैं। यह प्रतिमा एक भव्य समारोह में स्थापित की जाएगी। 

राजा साहब की दूसरी प्रतिमा

दरअसल राजधानी शिमला के रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री और हिमाचल प्रदेश के "विकास पुरुष स्व. राजा वीरभद्र सिंह" की प्रतिमा स्थापित होने के बाद अब प्रदेश में दूसरी प्रतिमा रोहड़ू में स्थापित की जा रही है।

यह भी पढ़ें : संजौली मस्जिद विवाद : 6 के खिलाफ केस दर्ज, महिलाओं ने नहीं पढ़ने दी नमाज- माहौल हुआ तनावपूर्ण

कहां स्थापित होगी प्रतिमा?

वीरभद्र सिंह के प्रति श्रद्धा और उनके योगदान के सम्मान में यह प्रतिमा आज रोहड़ू के ओल्ड बस स्टैंड में एक भव्य समारोह के दौरान अनावरण की जाएगी। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कांग्रेस कमेटी की एक विशेष बैठक परिधि भवन, रोहड़ू में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता विधायक मोहन लाल ब्राकटा ने की।

कांग्रेस नेताओं-संगठनों ने की बैठक

बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अग्रणी संगठन, कांग्रेस समर्थित पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए। विधायक मोहन लाल ब्राकटा ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम रोहड़ू वासियों के लिए गर्व का क्षण होगा, क्योंकि वीरभद्र सिंह ने अपने कार्यकाल में रोहड़ू क्षेत्र को विकास की नई पहचान दी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पहली बार में ही सफल हुई बच्चे की बड़ी सर्जरी, मां-बाप छोड़ चुके थे ठीक होने की उम्मीद

विधायक मोहन लाल ब्राकटा ने कहा कि वीरभद्र सिंह न केवल हिमाचल के निर्माता थे, बल्कि उन्होंने रोहड़ू को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों और कृषि के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी प्रतिमा उनके कार्यों और योगदान की स्थायी स्मृति बनेगी।

कई गणमान्य हस्तियां रहेंगी शामिल

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह, उनकी धर्मपत्नी तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ नेता विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
विधायक ब्राकटा ने बताया कि प्रतिमा अनावरण के बाद भंडारे (धाम) का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के आम लोगों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राजा वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करें और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लें।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 4 साल पहले की गलती पड़ी भारी- राकेश को कोर्ट ने सुनाई सजा; जेल में काटेगा जीवन

राजा साहब की विरासत से जुड़ा है रोहड़ू क्षेत्र

वीरभद्र सिंह का रोहड़ू से गहरा लगाव था। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने रोहड़ू को अपना राजनीतिक गढ़ बनाया और यहां अनगिनत विकास कार्य करवाए। उनके कार्यकाल में स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और जल योजनाओं की नींव रखी गई। इस कारण आज भी रोहड़ू को वीरभद्र सिंह की कर्मभूमि कहा जाता है।

रिज पर पहले ही लगी है प्रतिमा

बता दें कि इससे पहले राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर राजा वीरभद्र सिंह की भव्य प्रतिमा स्थापित की जा चुकी है, जो उनके प्रति जनता के सम्मान और प्रेम का प्रतीक बनी हुई है। अब रोहड़ू में लगने वाली यह दूसरी प्रतिमा उनके अविस्मरणीय योगदान की गवाही देगी और आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों से प्रेरित करेगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख