#विविध

July 7, 2026

HRTC ने लागू किया नया नियम : फ्रंट सीट पर बैठेंगे ये कंडक्टर, मोबाइल चलाने पर भी बैन

150 किलोमीटर से ज्यादा रूट पर आगे बैठेगा कंडक्टर

शेयर करें:

, HRTC Conductor Seat Rule

शिमला। अगर आप हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसों में सफर करते हैं, तो अब आपको कंडक्टर की सीट बदली हुई नजर आ सकती है। निगम ने कंडक्टरों की सीट व्यवस्था को लेकर नए नियम लागू कर दिए हैं। अब लंबे रूट और रात में चलने वाली बसों में कंडक्टर आगे की सीट पर बैठ सकेगा, जबकि छोटे रूटों पर पहले जैसी व्यवस्था ही रहेगी।

150 किलोमीटर से ज्यादा रूट पर आगे बैठेगा कंडक्टर

HRTC ने कंडक्टरों के बैठने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। नए आदेशों के मुताबिक, अब 150 किलोमीटर से अधिक दूरी वाले सभी रूटों पर कंडक्टर को बस की फ्रंट सीट (सीट नंबर-1) पर बैठने की अनुमति होगी। इसके अलावा, सूर्यास्त के बाद शुरू होने वाली सभी नाइट बस सेवाओं में भी कंडक्टर आगे की सीट पर बैठ सकेगा।

यह भी पढ़ें : सुक्खू कैबिनेट की अहम बैठक जल्द, शिक्षक भर्ती से लेकर फर्जी इंटरनेट पोर्टल्स पर हो सकते हैं बड़े फैसले

छोटे रूटों पर पुराना नियम रहेगा लागू

हालांकि, 150 किलोमीटर से कम दूरी वाले दिन के रूटों पर कोई बदलाव नहीं किया गया है। ऐसे रूटों पर कंडक्टर पहले की तरह बस के पिछले दरवाजे के पीछे बनी आखिरी सीट पर ही बैठेगा। यानी छोटे दिन के रूटों में पुरानी व्यवस्था ही जारी रहेगी।

पुराने आदेश रद्द, नए नियम तुरंत हुए लागू

HRTC के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने इस संबंध में नए आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही 16 जुलाई 2014 को जारी पुराने निर्देशों को रद्द कर दिया गया है। नई सीट व्यवस्था के नियम तत्काल प्रभाव से पूरे प्रदेश में लागू कर दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की महिलाओं के लिए खुशखबरी : इन पदों पर होगी भर्ती, जानें इंटरव्यू की डेट

क्यों लिया गया यह फैसला?

निगम का कहना है कि लंबे रूटों और रात के समय बस चलने के दौरान कंडक्टर को ज्यादा सतर्क रहना पड़ता है। आगे की सीट मिलने से उसे यात्रा के दौरान सुविधा मिलेगी, बस संचालन पर बेहतर नजर रख सकेगा और परिचालन व्यवस्था भी पहले से अधिक प्रभावी होगी।

जिम्मेदारियां पूरी करने के बाद ही मिलेगी सीट

नई सुविधा मिलने का मतलब यह नहीं है कि कंडक्टर अपनी जिम्मेदारियों से मुक्त हो जाएगा। HRTC ने साफ किया है कि कंडक्टर पहले बस में चढ़ने वाले सभी यात्रियों को टिकट जारी करेगा, आगे और पीछे के दरवाजे सुरक्षित तरीके से बंद करवाएगा और अपनी सभी जरूरी ड्यूटी पूरी करेगा। इसके बाद ही वह अपनी निर्धारित सीट पर बैठ सकेगा।

यह भी पढ़ें : हिमाचल शर्मसार! अपनी बेटी के साथ पिता ने की नीचता, अदालत ने 20 साल के लिए भेजा जेल

ड्राइवर के मोबाइल इस्तेमाल पर भी सख्ती

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगम ने बस चालक के मोबाइल इस्तेमाल को लेकर भी सख्त नियम लागू किए हैं। अब बस चलाते समय ड्राइवर मोबाइल पर बात नहीं करेगा। मोबाइल फोन साइलेंट मोड पर रहेगा और जरूरत पड़ने पर वह मोबाइल कंडक्टर के पास रखा जाएगा, ताकि ड्राइवर का पूरा ध्यान सड़क पर रहे।

नियम तोड़ा तो लगेगा 2 हजार रुपये का जुर्माना

HRTC ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 150 किलोमीटर से कम दूरी वाले दिन के रूट पर कोई कंडक्टर नियमों के खिलाफ आगे की सीट पर बैठा पाया गया, तो उसके खिलाफ 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। निगम ने सभी डिपो और कर्मचारियों को इन नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : प्रेमी के साथ मिल पति का म*र्डर कर झाड़ियों में फेंका श.व, 4 घंटे में हुआ पर्दाफाश

बिना टिकट यात्री मिला तो होगी कार्रवाई

निगम प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नई सीट व्यवस्था केवल कंडक्टर की सुविधा के लिए लागू की गई है। टिकट वितरण, टिकट जांच और अन्य परिचालन जिम्मेदारियों में किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। यदि किसी बस में बिना टिकट यात्री मिलता है, तो संबंधित कंडक्टर के खिलाफ पहले की तरह नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख