#हिमाचल

March 11, 2024

हिमाचल: दो लड़कियों को घर से उठा ले गए लुटेरे, लड़के को कमरे में कर गए बंद

शेयर करें:

जवाली (कांगड़ा)। हिमाचल में अपराधिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। लड़ाई झगड़े से लेकर मारपीट तक के मामलों में बढ़ोतरी के साथ ही अब अगवा करने के मामले भी सामने आने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के कांगड़ा जिला के पुलिस थाना जवाली के तहत सामने आया है। यहां कुछ शातिरों ने एक घर पर धावा बोला और लड़के को कमरे में बंद कर दो लड़कियों को अगवा कर अपने साथ ले गए। मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

कांगड़ा के जवाली से सामने आया मामला

मिली जानकारी के अनुसार यह मामला पुलिस थाना जवाली के तहत आते नाणा पंचायत से सामने आया है। यहां शातिरों ने रात के अंधेरे में एक घर में धावा बोल कर दो लड़कियों को अगवा कर लिया है। दोनों लड़कियां रिश्ते में आपस में मासी-भांजी लगती है। दोनों लड़कियों को अगवा करने से पहले घर में ही मौजूद एक लड़के को कमरे में बंद कर दिया गया। मामले की शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवाई गई है।

20 और 8 साल की दो लड़कियों को किया अगवा

पुलिस थाना जवाली को सौंपी शिकायत में बीरूदीन पुत्र हुसैन अली निवासी नाणा ने बताया कि वह और परिवार के सदस्य 9 मार्च को शाम छह बजे जोलना कोटला में अपने एक रिश्तेदार के घर शादी समारोह में गए थे। इस बीच घर में मेरा लड़का बशीर अल्ली, लड़की 20 वर्षीय सलीमा बाबी व दोहती 8 वर्षीय मरजीना थी। इसी बीच रा को कुछ लोग गाड़ी में आए और मेरे लड़के बशीर को कमरे में बंद कर दिया और दोनों लड़कियों को जबरन अगवा कर ले गए।

शादी समारोह में गए थे परिवार के अन्य सदस्य

शिकायतकर्ता के अनुसार 10 मार्च की सुबह जब सभी लोग शादी समारोह से वापस घर लौटे तो घर में लड़कियां मौजूद नहीं थी। वहीं घर से आभूषण और नगदी भी गायब थी। जब जांच की तो देखा कि उनका लड़का कमरे में बंद है। जिसे बाहर निकाला तो उसने सारी आपबीती सुनाई। बीरूदीन ने बताया कि उसका लड़का बशीर छह आरोपियों के नाम जानता है। जबकि अन्य के नाम उसे पता नहीं है।

आठ लोगों के खिलाफ दर्ज करवाई शिकायत

शिकायतकर्ता ने बताया कि रोशनदीन, सदीक, कुकू, विनयामीन उर्फ काकू, शमाउन उर्फ मीनू, आलमदीन व दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है तथा पुलिस से उनकी लड़कियों को जल्द से जल्द ढूंढने की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पकड़ के लिए जाल बिछाया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख