#राजनीति

November 8, 2025

राहुल गांधी-खडगे ने हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष के 6 दावेदारों से पूछा उनका विजन, अब ऐलान बाकी

दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष को लेकर हुआ मंथन

शेयर करें:

Himachal-congress

शिमला/दिल्ली। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से लटकी संगठनात्मक नियुक्तियों पर अब विराम लगने वाला है। पार्टी हाईकमान ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रदेश नेतृत्व से जुड़े अहम नेताओं के साथ गहन मंथन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी की मौजूदगी में करीब सवा घंटे चली इस बैठक को हिमाचल संगठन में बड़े फेरबदल का संकेत माना जा रहा है। चर्चा है कि प्रदेश कांग्रेस को नया अध्यक्ष अब जल्द ही मिल जाएगा।

राहुल खडगे ने 6 दावेदारों से पूछा उनका विजन

बैठक सुबह साढ़े आठ बजे खरगे के आवास पर शुरू हुई, जिसमें हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी शामिल रहे। इस दौरान हिमाचल कांग्रेस के छह प्रमुख नेताओं कुलदीप राठौर, रोहित ठाकुर, आशीष बुटेल, विनय कुमार, सुरेश कुमार और विनोद सुल्तानपुरी को अलग.अलग बुलाकर उनका फीडबैक लिया गया। सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी और खरगे ने हर नेता से यह पूछा कि अगर उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाए तो उनका विजन क्या होगा, संगठन को सक्रिय करने के लिए वे कौन से कदम उठाएंगे और आगामी पंचायत व निकाय चुनावों में कांग्रेस को मजबूत स्थिति में कैसे लाएंगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 5 साल तक प्रधान बनने का लड़ा केस, अब सिर्फ कुछ दिनों के लिए मिली कुर्सी

संतुलन और समन्वय पर फोकस

हाईकमान ने बैठक में यह स्पष्ट कर दिया कि नया प्रदेश अध्यक्ष वही बनेगा जो सभी गुटों को साथ लेकर चल सके और संगठन में नई ऊर्जा भर सके। चर्चा के दौरान प्रदेश के जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों पर भी विस्तार से विचार किया गया। यह भी आकलन किया गया कि कौन सा चेहरा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर सकता है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल: घास लाने गई महिला की 9वीं के छात्र ने छीनी जिंदगी, संबंध बनाने से किया था इंकार

कांग्रेस नेतृत्व इस बार किसी भी प्रकार की गुटबाजी से बचना चाहता है। पार्टी को यह एहसास है कि सरकार होने के बावजूद संगठन की निष्क्रियता जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के असंतोष का कारण बनी हुई है। पिछले एक वर्ष से राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणियां भंग हैं, जिससे पार्टी की जड़ें कमजोर पड़ी हैं। हाईकमान चाहता है कि आगामी स्थानीय चुनावों से पहले संगठन को पूरी तरह पुनर्गठित कर दिया जाए।

राजनीतिक संतुलन साधना बड़ी चुनौती

हिमाचल कांग्रेस में वर्तमान में अधिकांश अहम पद राजपूत वर्ग के पास हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, युवा कांग्रेस अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर, और एनएसयूआई अध्यक्ष अभिनंदन ठाकुर, सभी इसी वर्ग से आते हैं। प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी राजपूत वर्ग से हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ब्राह्मण समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में इस बार नया अध्यक्ष चुनते समय हाईकमान जातीय संतुलन को भी ध्यान में रख सकता है ताकि संगठनात्मक ढांचे में सामंजस्य बना रहे।

यह भी पढ़ें: हिमाचल : पंचायत प्रधान ने ग्रामीणों के लिए छोड़ा पांच साल का मानदेय, 10 लाख की जमीन भी दे दी

अगले सप्ताह हो सकती है घोषणा

पार्टी सूत्रों का कहना है कि हिमाचल कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा अगले सप्ताह तक हो सकती है। मंथन का दौर लगभग पूरा हो चुका है और अब केवल अंतिम निर्णय का इंतजार है। हाईकमान ने संकेत दिए हैं कि नया नेतृत्व ऐसा होगा जो न केवल संगठन में नई जान डालेगा बल्कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कार्यों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख