कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कई युवा देश.प्रदेश के बाहर नौकरी कर रहे हैं। बहुत बार ऐसा होता है कि घर से कमाने के लिए निकले यह युवा किसी हादसे में अपनी जान गंवा बैठते हैं। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के एक युवा के साथ पेश आया है। यह युवक मर्चेंट नेवी में थर्ड इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। युवक का शव समुद्र से बरामद किया गया है।
बेटे की मौत से परिवार में छाया मातम
बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में मातम छाया हुआ है और इलाके में शोक की लहर दौड़ रही है। फिलहालए मौत के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है। बेटे की मौत की खबर सुनते ही उसके परिजन मुंबई पहुंच गए और वहीं पर अपने लाडले का अंतिम संस्कार किया गया। युवक की मौत कैसे हुई इसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।
13 मार्च को हुआ था जहाज से लापता
मृतक युवक की पहचान पंकज जम्वाल पुत्र करनैल सिंह निवासी ज्वाली जिला कांगड़ा के रूप में हुई है, जो कि जाखो से सूरत जाने वाले अंबुजा सीमेंट के जहाज पर अपनी ड्यूटी कर रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार अंबुजा सीमेंट जहाज के अधिकारियों ने बीती 13 मार्च को पंकज के परिवार को उसके लापता होने की खबर दी थी। इसके बाद 14 मार्च को पकंज का शव कोस्ट गार्ड, अन्य जहाजों और हेलिकॉप्टर की मदद से पोरबंदर के पास समुद्र से बरामद किया गया।
अस्थियां लेकर घर पहुंचा शोकाकुल परिवार
बताया जा रहा है कि अधिकारियों द्वारा पकंज के शव को मुंबई से घर भेजना था, लेकिन तकनीकी कारणों की वजह से ऐसा ना हो सका। ऐसे में पकंज के परिवार को मुंबई बुलाकर शव का अंतिम संस्कार 18 मार्च यानी बीते कल मुंबई में कर दिया गया।
वहीं, आज शोकाकुल परिवार पकंज की अस्थियां लेकर घर पहुंचा है। कई जांच एजेंसियां द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है और मौत के असली कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।