#विविध
May 6, 2026
हिमाचल नगर निगम चुनाव में बड़ा उलटफेर : बिना लड़े ही हार गई BJP, प्रत्याशी का नामांकन रद्द
नामांकन छंटनी के बाद बदले समीकरण
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी हलचल अब तेज मोड़ पर पहुंच गई है। नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी होते ही कई चौंकाने वाले फैसले सामने आए- जिनसे चुनावी गणित अचानक बदलता नजर आ रहा है।
इस छंटनी के दौरान कुल 55 नामांकन पत्रों में से 52 को सही पाया गया। जबकि, तीन नामांकन खारिज कर दिए गए- इनमें भाजपा के एक प्रत्याशी का नाम भी शामिल है।
सबसे बड़ा झटका भाजपा को वार्ड नंबर-3 में लगा है, जहां अतिक्रमण से जुड़ी शिकायत के आधार पर प्रत्याशी पीयूष गर्ग का नामांकन रद कर दिया गया। जांच में शिकायत को गंभीर मानते हुए नामांकन निरस्त किया गया, जिससे पार्टी इस वार्ड में अचानक बैकफुट पर आ गई है।
दिलचस्प बात यह है कि भाजपा ने यहां कोई कवरिंग कैंडिडेट भी नहीं उतारा था, ऐसे में अब पार्टी के पास आधिकारिक तौर पर कोई उम्मीदवार नहीं बचा। यही नहीं, वार्ड-10 से भाजपा से नाराज होकर मैदान में उतरे विवेक डोभाल का नामांकन भी तकनीकी कारणों और आपत्तियों के चलते खारिज हो गया।
इसके अलावा वार्ड-8 से एक निर्दलीय प्रत्याशी का नामांकन भी दस्तावेजों में कमी के कारण निरस्त कर दिया गया है। अब वार्ड-3 का समीकरण पूरी तरह बदल चुका है। यहां भाजपा के ही नाराज कार्यकर्ता गौरव भारद्वाज बतौर निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भाजपा उन्हें अप्रत्यक्ष समर्थन देगी या किसी अन्य विकल्प की तलाश करेगी। फिलहाल, स्थिति यह है कि पार्टी बिना आधिकारिक प्रत्याशी के इस वार्ड में चुनावी लड़ाई से बाहर होती नजर आ रही है।
कुल मिलाकर, 17 वार्डों में अब 52 उम्मीदवार मैदान में हैं- जिनमें भाजपा और कांग्रेस के 34 अधिकृत प्रत्याशी और 18 निर्दलीय शामिल हैं। कई वार्डों में दोनों दलों के बागी उम्मीदवार भी मैदान में हैं, जो मुकाबले को त्रिकोणीय और दिलचस्प बना सकते हैं।
अब सबकी नजर 6 मई को होने वाली नाम वापसी प्रक्रिया पर टिकी है। इसी दिन यह साफ होगा कि कौन उम्मीदवार अंतिम रूप से मैदान में रहेंगे और किन वार्डों में सीधा मुकाबला होगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नाम वापसी के बाद तस्वीर और साफ होगी। फिलहाल सोलन नगर निगम चुनाव में मुकाबला काफी रोचक और अप्रत्याशित दिशा में बढ़ता दिखाई दे रहा है।