#अव्यवस्था
October 1, 2026
IGMC की लैब का कारनामा- बच्चे के दिमाग का पानी जांचने भेजा, थमा दी यूरिन रिपोर्ट
अस्पताल प्रशासन ने कर्मी को लैब से हटा दिया है
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल IGMC शिमला में जांच प्रक्रिया से जुड़ी गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां मरीज के मस्तिष्क से जांच के लिए निकाले गए CSF सैंपल की जगह लैब रिकॉर्ड में यूरिन जांच दर्ज कर दी गई। इतना ही नहीं बाद में उसी आधार पर यूरिन की रिपोर्ट भी जारी कर दी गई।
यह मामला बीती 28 सितंबर, सोमवार का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मरीज के मस्तिष्क में पानी भरने की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत CSF सैंपल निकाला था।
CSF मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी के आसपास मौजूद द्रव होता है- जिसकी जांच कई चिकित्सकीय स्थितियों में महत्वपूर्ण होती है। डॉक्टरों ने सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा था। मामला बाल रोग विभाग से संबंधित है।
मामले में सबसे अहम बात यह सामने आई कि सैंपल के साथ भेजे गए मूल रिक्विजिशन फॉर्म में Nature of Specimen के सामने स्पष्ट तौर पर CSF लिखा हुआ था। दस्तावेज में सैंपल लिए जाने का समय भी दोपहर 12:50 बजे दर्ज था। इसके बावजूद लैब की एंट्री प्रक्रिया के दौरान यही सैंपल यूरिन के तौर पर दर्ज हो गया।
रिकॉर्ड के अनुसार दोपहर करीब 1:05 बजे रूटीन यूरिन जांच के नाम पर 23 रुपये का बिल तैयार कर दिया गया। इसके बाद लैब रिकॉर्ड में सैंपल के प्राप्त होने का समय दोपहर 1:30 बजे दर्ज किया गया। इसके बाद जिस जांच की प्रक्रिया अपनाई गई, उसमें यूरिन से संबंधित अलग-अलग मानकों की जांच की गई। रिपोर्ट करीब 2:56 बजे जारी कर दी गई। यानी मूल सैंपल CSF होने के बावजूद रिकॉर्ड और आगे की प्रक्रिया में उसे यूरिन सैंपल के रूप में दर्ज कर दिया गया था।
जारी रिपोर्ट में भी ऐसे पैरामीटर शामिल थे जो सामान्य तौर पर यूरिन की जांच से संबंधित होते हैं। इसमें रंग, पारदर्शिता, पीएच, विशिष्ट गुरुत्व, ग्लूकोज, प्रोटीन, ब्लड, RBC और पस सेल समेत अन्य मानकों का उल्लेख किया गया था। इससे स्पष्ट हुआ कि जिस सैंपल को लैब रिकॉर्ड में यूरिन के रूप में दर्ज किया गया, उसकी जांच भी उसी श्रेणी के अनुसार की गई।
मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन के स्तर पर यह सवाल उठा कि-
मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने संबंधित कर्मचारी से पूरे घटनाक्रम को लेकर जवाब मांगा। कर्मचारी से स्पष्टीकरण लेने के बाद प्रशासन ने उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे IGMC से हटा दिया और चमियाणा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भेज दिया। इसके अलावा उससे लिखित रूप में माफीनामा भी लिया गया है। प्रशासन की ओर से उसे भविष्य में इस तरह की चूक दोबारा न करने के निर्देश दिए गए हैं।