#विविध

August 5, 2026

हिमाचल में 40 मौ**तों की फर्जी खबर से मची सनसनी, हरकत में आया HRTC- पुलिस को दी शिकायत

डिप्टी CM ने भी लोगों से फर्जी खबरों पर ध्यान ना देने की अपील की है

शेयर करें:

HRTC bus Himachal Cyber Cell fake News Shimla Police Una Facebook Social Media Mukesh Agnihotri

शिमला। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक झूठी पोस्ट अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गई है। HRTC की बस दुर्घटना में 40 लोगों की मौत का फर्जी दावा करने वाले सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन शिमला में FIR दर्ज की गई है।

 

पुलिस अब उन लोगों की पहचान में जुटी है, जिन्होंने कथित तौर पर भ्रामक तस्वीरों और गलत जानकारी के जरिए अफवाह फैलाने की कोशिश की। यह कार्रवाई HRTC के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) पंकज सिंघल की शिकायत के आधार पर की गई है।

यह भी पढ़ें- मणिमहेश यात्रा करने जा रहे थे चार दोस्त : थार पर पहाड़ी से गिरी बड़ी चट्टान, एक की मौ**त

खबर में बताया था- 40 की मौत

शिकायत के अनुसार, 3 अगस्त को फेसबुक पर कई पोस्ट वायरल हुईं, जिनमें दावा किया गया कि ऊना जिले के दनासर क्षेत्र में HRTC की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई और हादसे में 40 लोगों की मौत हो गई। पोस्ट वायरल होने के बाद लोगों में दहशत फैल गई और कई यात्रियों के परिजनों ने भी चिंता जताई।

जांच में निकली खबर फर्जी

HRTC ने मामले की तत्काल आंतरिक जांच कराई। जांच में सामने आया कि ऐसी कोई दुर्घटना हुई ही नहीं थी। स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन और निगम के रिकॉर्ड में भी इस तरह की किसी घटना की पुष्टि नहीं मिली।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : बहू ने सास को निकाला घर से बाहर, प्रॉपर्टी पर बताया अपना हक- HC ने दिया झटका

दूसरी दुर्घटनाओं की तस्वीरें इस्तेमाल करने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में किसी अन्य स्थान पर हुई दुर्घटनाओं की तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया। इन तस्वीरों को HRTC और हिमाचल प्रदेश से जोड़ते हुए भ्रामक कैप्शन और लोकेशन टैग के साथ साझा किया गया, ताकि पोस्ट ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे। निगम का कहना है कि इस फर्जी खबर से आम जनता में भ्रम और डर का माहौल बना, जबकि HRTC की साख को भी नुकसान पहुंचा।

 

दो फेसबुक अकाउंट का जिक्र

शिकायत में दो फेसबुक अकाउंट का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। इनमें 'भवानी रेखा शर्मा' नाम का फेसबुक प्रोफाइल और 'गोल्ड सिल्वर प्राइस' नाम का फेसबुक पेज शामिल है। इनके पोस्ट के स्क्रीनशॉट और लिंक भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। हालांकि जांच के दौरान अन्य सोशल मीडिया अकाउंट भी पुलिस के दायरे में आ सकते हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में मानसून से बिगड़े हालात, 160 सड़कें बंद- अगले 6 दिन भारी बारिश का अलर्ट

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला

साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन शिमला में फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 351 और 353(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच इंस्पेक्टर रमन चौहान को सौंपी गई है। पुलिस संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

डिप्टी CM ने भी की अपील

उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी इस फर्जी पोस्ट का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की झूठी या भ्रामक खबर सोशल मीडिया पर साझा न करें।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख