#हादसा
August 5, 2026
हिमाचल : छोटे भाई को लेने जा रहा था मोहित, रास्ते में पड़ी मिली देह- हालत देख कांप गए हाथ
मोहित ने मौके पर बुलाई पुलिस, इलाके में सन.सनी
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हो रहे हादसों में कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। कई बार सड़क पर पैदल चल रहे लोग भी तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर मौत का शिकार हो जाते हैं। ऐसा ही दर्दनाक सड़क हादसा जिला ऊना से सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला ऊना के उपमंडल अंब के तहत कटौहड़ कलां सामने आया है। यहां पर हिट एंड का मामला सामने आया है। पंजोआ कलां निवासी मोहित कुमार ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार सुबह अपनी कार से छोटे भाई को लेने कटौहड़ कलां जा रहा था। जब वह पीपल के पेड़ के पास पहुंचा तो उसने सड़क पर एक व्यक्ति को पड़ा हुआ देखा। मोहित ने तुरंत अपनी कार रोकी और पास जाकर देखा।
मोहित के मुताबिक, व्यक्ति का शरीर बुरी तरह कुचला हुआ था। मौके की स्थिति देखकर ऐसा लग रहा था कि किसी तेज रफ्तार वाहन ने पहले उसे टक्कर मारी और फिर वाहन उसके ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद चालक वहां से फरार हो गया।
मोहित कुमार ने तुरंत पुलिस थाना अंब को फोन कर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान सिकंदर अली (28) पुत्र शेर दीन निवासी कोटला (चक्कसराय) के रूप में हुई है
बताया जा रहा है कि सिकंदर अली ड्राइवर का काम करता था। DSP अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दूसरे सबूत भी जुटा रही है। पुलिस की टीम फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।